छत्तीसगढ़ में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चंदखुरी से अंबिकापुर–दिल्ली-कोलकाता हवाई सेवा का वर्चुअल शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना कि ‘हवाई चप्पल पहनने वाला भी हवाई यात्रा कर सके’, अब छत्तीसगढ़ में साकार हो रहा है।
व्यापार और पर्यटन को लगेंगे पंख
मुख्यमंत्री ने सरगुजा वासियों को बधाई देते हुए कहा कि दिल्ली और कोलकाता जैसे महानगरों से सीधा जुड़ाव होने के कारण क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियाँ तेज होंगी। मैनपाट और तातापानी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुँचना अब सैलानियों के लिए आसान होगा। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश में ‘सीजी वायु’ योजना के तहत घरेलू विमान सेवाओं को विस्तार दिया जा रहा है और बिलासपुर में नाइट लैंडिंग की सुविधा भी शुरू हो चुकी है।
72-सीटर विमान भरेंगे उड़ान
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने बताया कि दरिमा (अंबिकापुर) एयरपोर्ट पर अब 72-सीटर एटीआर विमानों का संचालन होगा। केंद्र सरकार की ‘उड़ान’ योजना के तहत इस एयरपोर्ट का कायाकल्प किया गया है, जिसका रनवे अब 1800 मीटर लंबा है।
फ्लाइट शेड्यूल (एलायंस एयर):
यात्रियों की सुविधा के लिए एलायंस एयर सप्ताह में 4 दिन उड़ानें संचालित करेगी:
- दिल्ली रूट (सोमवार और बुधवार): सोमवार को फ्लाइट बिलासपुर होकर अंबिकापुर आएगी और वापसी में सीधे दिल्ली जाएगी। बुधवार को दिल्ली से सीधे अंबिकापुर आएगी और बिलासपुर होकर वापस जाएगी।
- कोलकाता रूट (गुरुवार और शनिवार): शनिवार को कोलकाता से बिलासपुर होकर आगमन और सीधे वापसी। गुरुवार को कोलकाता से सीधे आगमन और बिलासपुर होकर प्रस्थान।
इस सुविधा के शुरू होने से सरगुजा संभाग के छात्रों, व्यापारियों और मरीजों को बड़े महानगरों तक पहुँचने में अब घंटों की जगह चंद मिनट लगेंगे। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री श्री राजेश अग्रवाल और सरगुजा सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने भी इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।
