मन की बात में पीएम मोदी ने की छत्तीसगढ़ के ‘हर घर मुनगा’ अभियान की सराहना: अंतागढ़ में सीएम साय ने सुनी 138वीं कड़ी, लामकन्हार को दी 85 लाख की सौगात

कांकेर/अंतागढ़: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 138वीं कड़ी में छत्तीसगढ़ के नवाचारों को एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। प्रधानमंत्री द्वारा राज्य के ‘हर घर मुनगा-घर-घर मुनगा’ अभियान की सराहना किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया। मुख्यमंत्री साय ने आज कांकेर जिले के अंतागढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम लामकन्हार स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में ग्रामीणों और स्कूली बच्चों के साथ बैठकर कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हमेशा जमीनी स्तर पर जनभागीदारी से शुरू हुए छोटे-छोटे प्रयासों को बड़ा मंच देकर प्रोत्साहित करते हैं। कुपोषण और एनीमिया के खिलाफ मुनगा (सहजन/मोरिंगा) छत्तीसगढ़ की बाड़ियों में आसानी से उगने वाला एक प्राकृतिक सुपरफूड है। इसके पत्ते, फल और फूल पौष्टिक तत्वों से भरपूर हैं, जो महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य में बड़ा बदलाव ला सकते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने-अपने घरों में मुनगा का पौधा लगाने और इसे दैनिक आहार का हिस्सा बनाने की अपील की।

राष्ट्रीय पटल पर छत्तीसगढ़ के नवाचारों की गूंज

सीएम साय ने रेखांकित किया कि यह पहला मौका नहीं है जब राज्य के प्रयासों को प्रधानमंत्री ने सराहा हो। इससे पहले बस्तर पंडुम, बस्तर ओलंपिक, मल्हार के ऐतिहासिक ताम्रपत्र और कोरिया जिले के ‘5 प्रतिशत जल संचय मॉडल’ की चर्चा भी ‘मन की बात’ में हो चुकी है। कोरिया का 5% मॉडल किसानों की सूझबूझ और जनभागीदारी का जीता-जागता उदाहरण है, जिसने भूजल स्तर सुधारने और सिंचाई संकट दूर करने में अहम भूमिका निभाई है।

‘नक्सलवाद के खौफ से निकलकर विकास की मुख्यधारा में लौट रहा बस्तर’

सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर और कांकेर का यह वनांचल दशकों तक नक्सल हिंसा और उपेक्षा का दंश झेलता रहा। लेकिन अब केंद्र सरकार के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के पराक्रम और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से यह इलाका भयमुक्त हो रहा है। जिन रास्तों पर कभी बारूदी सुरंगों का डर था, वहां अब पक्की सड़कें, बिजली, पानी, स्कूल और मोबाइल नेटवर्क पहुंच रहे हैं। विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार का सबसे बड़ा संकल्प है।

लामकन्हार के लिए 85 लाख के विकास कार्यों का ऐलान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लामकन्हार ग्राम पंचायत के सर्वांगीण विकास के लिए 85 लाख रुपये की चार प्रमुख विकास परियोजनाओं की घोषणा की:

  • शीतला मंदिर के पास सामुदायिक भवन निर्माण: ₹15 लाख
  • प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला भवन निर्माण: ₹37 लाख
  • छोटे पारा में सीसी रोड निर्माण: ₹18 लाख
  • एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में आधुनिक लाइब्रेरी एवं लैब: ₹15 लाख

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण

कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत एकलव्य विद्यालय परिसर में अमरूद का पौधा रोपा। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों और ग्रामीणों को प्रेरित करते हुए कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि एक मां की तरह उसकी देखरेख करना भी हम सबकी जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर कांकेर सांसद भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक विक्रम उसेंडी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *