धमतरी:
सेवा संकल्प अभियान और अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के उपलक्ष्य में धमतरी के मेनोनाइट इंग्लिश मीडियम स्कूल में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने उपस्थित जनसमूह को नशामुक्ति की शपथ दिलाई और युवाओं से नशे से दूर रहकर सशक्त समाज व राष्ट्र निर्माण में आगे आने का आह्वान किया।
नशा पूरे परिवार और पीढ़ी को कर देता है बर्बाद: मंत्री टंक राम वर्मा
समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि नशा सिर्फ एक इंसान को नहीं, बल्कि उसके पूरे परिवार, समाज और आने वाली पीढ़ियों को गर्त में धकेल देता है। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत 2047’ का संकल्प तभी पूरा होगा जब हमारा युवा और प्रदेश पूरी तरह नशामुक्त होगा। इस बुराई को जड़ से उखाड़ फेंकने के लिए केवल प्रशासनिक प्रयास काफी नहीं हैं, बल्कि हर नागरिक को इसे अपनी नैतिक जिम्मेदारी मानकर जन-आंदोलन बनाना होगा।
खरतुली के NSS स्वयंसेवकों ने नुक्कड़ नाटक से जगाई अलख
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खरतुली के राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) और रेडक्रॉस के स्वयंसेवकों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। व्याख्याता आकाश गिरी गोस्वामी के लेखन व निर्देशन में तैयार इस नाटक के जरिए कलाकारों ने जीवंत अभिनय से दिखाया कि कैसे युवा शक्ति को नशे की लत से बचाकर शिक्षा, कौशल और देश सेवा से जोड़ा जाए तो भारत तेजी से तरक्की के पथ पर आगे बढ़ सकता है।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने ली सामूहिक शपथ
आयोजन में मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, वृद्धजनों और छात्र-छात्राओं ने खुद नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति सचेत करने का संकल्प लिया। इस मौके पर सहकारी बैंक अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम सभापति, जनपद अध्यक्ष सहित कलेक्टर, जिला पंचायत सीईओ, डीएफओ और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
