हादसों पर लगाम लगाने के लिए चला अभियान, कोर्ट के दिशा-निर्देशों के तहत सर्विस रोड और हाईवे पर अनाधिकृत कट बंद
रायपुर। राजधानी रायपुर में राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेलगाम ट्रैफिक और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कड़ा रुख अपनाया है। रिंग रोड नंबर-1 पर नियमों को ताक पर रखकर खोली गई अवैध एंट्री और अतिक्रमण के खिलाफ विभाग ने बड़ा अभियान चलाया। कार्रवाई के तहत तेलीबांधा स्थित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के पास बने अनधिकृत प्रवेश मार्गों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। इसके साथ ही भाठागांव इलाके में भी सड़क सीमा पर काबिज अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है।
अवैध कट और अतिक्रमण से बढ़ता है हादसों का खतरा
सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय द्वारा सार्वजनिक सड़कों को सुरक्षित और सुगम बनाने के दिए गए निर्देशों के तहत यह कार्रवाई की गई है। नेशनल हाईवे पर कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों द्वारा मनमाने ढंग से मुख्य मार्ग पर अवैध कट और एंट्री बना ली गई थी, जिससे तेज रफ्तार वाहनों के सामने अचानक गाड़ियां आने से गंभीर दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी।
एनएचएआई के क्षेत्रीय अधिकारी आलोक कुमार ने स्पष्ट किया कि हाईवे पर सुगम यातायात और राहगीरों की सुरक्षा विभाग की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि अनाधिकृत प्रवेश मार्ग और अवैध अतिक्रमण सीधे तौर पर सड़क सुरक्षा से खिलवाड़ हैं। यातायात को व्यवस्थित, सुरक्षित और निर्बाध रखने के लिए ऐसे अवैध कटों को बंद करने का अभियान लगातार जारी रहेगा।
गड्ढों को भरने पैचवर्क रिपेयरिंग का काम तेज
अतिक्रमण हटाने के साथ-साथ एनएचएआई नेशनल हाईवे की सड़कों को दुरुस्त करने में भी जुटा है। त्योहारी सीजन और व्यस्त आवागमन को देखते हुए सड़कों के क्षतिग्रस्त हिस्सों और गड्ढों की पहचान कर युद्धस्तर पर पैचवर्क रिपेयरिंग कराई जा रही है, ताकि वाहन चालकों को सुरक्षित सफर की सुविधा मिल सके।
अवैध पार्किंग और अनधिकृत कट से बचने की अपील
एनएचएआई ने हाईवे किनारे अवैध पार्किंग और अनाधिकृत कट बनाने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के संकेत दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे शॉर्टकट के चक्कर में अवैध एंट्री या अवैध कट का इस्तेमाल न करें और तय मानकों के अनुसार ही यातायात नियमों का पालन करें।
