जशपुरनगर:
सड़क हादसों में होने वाली मौतों और गंभीर चोटों पर अंकुश लगाने के लिए जशपुर पुलिस ने एक संवेदनशील और रचनात्मक पहल की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को जशपुर पुलिस लाइन में राज्य के पहले विशेष ‘हेलमेट बैंक’ का विधिवत शुभारंभ किया। इस बैंक में शुरुआती तौर पर 1,000 गुणवत्तापूर्ण हेलमेट रखे गए हैं, जो आम नागरिकों को जरूरत पड़ने पर उपलब्ध कराए जाएंगे।
चालान नहीं, सुरक्षा का संकल्प: नया नियम लागू
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट और चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीटबेल्ट जीवन रक्षा का सबसे जरूरी साधन है।
जशपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना हेलमेट चलने वाले चालकों का केवल चालान काटना पुलिस का उद्देश्य नहीं है, बल्कि उन्हें सुरक्षित रखना प्राथमिकता है। नियमों के तहत:
- बिना हेलमेट पकड़े जाने पर वाहन को तुरंत जब्त किया जाएगा।
- चालक को नकद जुर्माना भरने के बजाय नया हेलमेट खरीदकर उसकी रसीद दिखानी होगी, जिसके बाद ही वाहन छोड़ा जाएगा।
- यदि किसी नागरिक के पास आपातकालीन स्थिति में तुरंत नया हेलमेट खरीदने के लिए पैसे या समय नहीं है, तो पुलिस लाइन स्थित ‘हेलमेट बैंक’ से उसे नि:शुल्क हेलमेट उधार दिया जाएगा।
हेलमेट वापस करने के साथ करना होगा ‘सेवा कार्य’
उधार लिए गए हेलमेट को नागरिक अपना निजी हेलमेट खरीदने के बाद वापस करेंगे। इसके साथ ही, सामाजिक जिम्मेदारी तय करने के लिए चालक को पुलिस के साथ सड़क सुरक्षा जागरूकता से जुड़ा एक संक्षिप्त सेवा कार्य भी करना होगा, ताकि वे भविष्य में यातायात नियमों के प्रति स्वयं और दूसरों को सजग कर सकें।
प्रमुख जनप्रतिनिधि व प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
शुभारंभ अवसर पर सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधायक श्रीमती गोमती साय, रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया और कृष्ण राय मौजूद रहे।
प्रशासन की ओर से सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा, आईजी दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।
