रायपुर: छत्तीसगढ़ में भारत की जनगणना-2027 के दूसरे चरण की तैयारियां तेज हो गई हैं। राज्य में इस चरण का मैदानी कार्य 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक चलेगा, जिसके तहत प्रगणक घर-घर जाकर परिवार के सदस्यों की गणना करेंगे। इससे पूर्व मकान सूचीकरण और मकानों की गणना का पहला चरण मई 2026 में पूरा कर लिया गया था।
व्यापक राष्ट्रीय कार्य को त्रुटिरहित बनाने के लिए नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ प्रशासन अकादमी में मास्टर ट्रेनर्स का राज्यस्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है। 2 से 5 नवंबर तक चले प्रथम बैच के चार दिवसीय प्रशिक्षण में 16 जिलों के मास्टर ट्रेनर्स शामिल हुए। राष्ट्रीय प्रशिक्षक एवं संयुक्त निदेशक श्री अशोक मिश्र और श्री प्रदीप कुमार साव ने प्रतिभागियों को जनगणना की तकनीकी बारीकियों, मोबाइल ऐप के उपयोग, प्रश्नावली और डेटा संकलन का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
66 हजार कर्मी संभालेंगे मैदानी मोर्चा दूसरे चरण के दौरान राज्यभर में करीब 66 हजार प्रगणक और पर्यवेक्षक तैनात रहेंगे। इन्हें प्रशिक्षित करने के लिए जिलों से 1,120 फील्ड ट्रेनर्स नामित किए गए हैं। इन फील्ड ट्रेनर्स को तैयार करने की जिम्मेदारी कुल 60 मास्टर ट्रेनर्स (47 जिलों से और 13 निदेशालय से) को दी गई है।
दूसरा बैच 16 नवंबर से मास्टर ट्रेनर्स के प्रशिक्षण का दूसरा बैच 16 से 19 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद ये मास्टर ट्रेनर्स जिला स्तर पर फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित करेंगे, जो आगे चलकर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को तैयार करेंगे। प्रशासन का मुख्य जोर तकनीकी दक्षता, समयबद्धता और आंकड़ों की शुद्धता पर है ताकि जनगणना का कार्य पूरी तरह पारदर्शी व व्यवस्थित रहे।
