रायपुर/मुंगेली:
छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जमीनी स्तर पर सकारात्मक असर देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के लोरमी विकासखंड स्थित ग्राम लिम्हा की निवासी श्रीमती सुनीता को एक आत्मीय पाती (पत्र) भेजकर उन्हें और उनके परिवार को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी हैं। इस पत्र में मुख्यमंत्री ने विषम परिस्थितियों के बावजूद बच्चों की शिक्षा के प्रति सुनीता के समर्पण की विशेष सराहना की है।
महतारी वंदन की राशि से भर रहीं बच्चों की स्कूल वैन का किराया
सुनीता शासन की महत्वाकांक्षी ‘महतारी वंदन योजना’ से हर माह मिलने वाली ₹1,000 की वित्तीय सहायता का उपयोग अपने बच्चों की पढ़ाई और स्कूल वैन का किराया चुकाने में कर रही हैं। इसकी जानकारी मिलने पर मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पत्र में लिखा कि घर-परिवार की जिम्मेदारियों को निभाते हुए बच्चों के भविष्य को प्राथमिकता देना अनुकरणीय है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की मंशानुरूप प्रदेश की माताओं-बहनों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें परिवार के आर्थिक निर्णयों में सक्षम करने के लिए ही यह योजना शुरू की गई है। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए ‘विकसित भारत, विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के संकल्प के तहत युवाओं को हर संभव अवसर उपलब्ध कराने की बात कही।
सीएम की पाती पाकर छलकी खुशी
प्रदेश के मुखिया का सीधा पत्र पाकर श्रीमती सुनीता और उनका परिवार भावुक हो उठा। सुनीता ने कहा कि एक मां के लिए बच्चों की अच्छी शिक्षा सबसे बड़ा सपना होती है। महतारी वंदन योजना और मुख्यमंत्री के इस पत्र ने उनके हौसले को नई ताकत दी है। उन्होंने इस संबल और अपनत्व के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
