मॉडल स्कूल के रूप में विकसित होगा महलोई का शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने किया भूमिपूजन

रायपुर/रायगढ़:

ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रायगढ़ जिले के महलोई स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय को ‘मॉडल स्कूल’ के रूप में विकसित किया जाएगा। प्रदेश के वित्त मंत्री एवं स्थानीय विधायक श्री ओ.पी. चौधरी ने गुरुवार को विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में विकास कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया।

इस अवसर पर वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि विद्यालय को मॉडल स्कूल के रूप में अपग्रेड करने का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण अंचल के बच्चों को शहरी स्तर की आधुनिक शिक्षा और संसाधन मुहैया कराना है। बेहतर अधोसंरचना और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल मिलने से विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता मजबूत होगी और उन्हें प्रतियोगी दौर में आगे बढ़ने के नए अवसर प्राप्त होंगे।

विद्यार्थियों से किया आत्मीय संवाद, दिया सफलता का मंत्र

भूमिपूजन कार्यक्रम के पश्चात वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने स्कूली विद्यार्थियों के साथ सीधा संवाद किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ज्ञान और कौशल तभी सार्थक होते हैं, जब उनका उपयोग सही दिशा में किया जाए। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन और कठिन परिश्रम के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने का मंत्र दिया। साथ ही, अपनी रुचि और छिपी क्षमताओं को पहचानकर भविष्य निर्माण के लिए निरंतर प्रयासरत रहने के लिए प्रेरित किया।

विद्यालय के मॉडल स्कूल बनने से महलोई सहित आसपास के दर्जनों गांवों के छात्र-छात्राओं को उच्च स्तरीय शैक्षणिक सुविधाओं का सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *