सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग ने कसी कमर, 23 नवंबर से शुरू होगा पहले चरण का टीकाकरण अभियान
जशपुरनगर, 13 नवंबर 2026/ जशपुर जिले की बेटियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जमीनी स्तर पर तैयारी तेज कर दी है। “हर पात्र बेटी तक पहुँच, सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा का संकल्प” के लक्ष्य के साथ संचालित ‘मिशन HPV सुरक्षा कवच–जशपुर 2026’ के तहत जिला मुख्यालय स्थित होटल निर्वाणा में जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. जी.एस. जात्रा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में आठों विकासखंडों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अभियान की बारीकियां समझाई गईं।
दुर्गम अंचलों की बालिकाओं को मिलेगी प्राथमिकता बैठक को संबोधित करते हुए CMHO डॉ. जी.एस. जात्रा ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले की कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं के स्वास्थ्य के लिए एक बड़ी चुनौती है और समय पर HPV टीकाकरण ही इसका सबसे प्रभावी बचाव है। लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल करने के लिए पात्र बालिकाओं का सटीक चिन्हांकन, घर-घर सर्वे, स्कूलवार सूची तैयार करने और अभिभावकों की काउंसलिंग पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। विशेष रूप से जिले के दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों की बालिकाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।
अफवाहों को दूर करने और कोल्ड चेन बनाए रखने पर जोर कार्यशाला के दौरान जिला स्वास्थ्य एवं टीकाकरण अधिकारी डॉ. वी.के. इन्दवार ने टीकाकरण की पूरी प्रक्रिया, सुरक्षित वैक्सीन प्रबंधन, कोल्ड चेन मेंटेनेंस, AEFI किट और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने की व्यवस्था पर तकनीकी प्रशिक्षण दिया। उन्होंने मैदानी अमले से कहा कि टीकाकरण को लेकर समाज में मौजूद किसी भी तरह की भ्रांतियों को वैज्ञानिक तथ्यों के साथ दूर किया जाए।
वहीं, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (DPM) श्री राजीव रंजन मिश्रा ने अभियान के प्रशासनिक प्रबंधन, अंतर-विभागीय समन्वय और समय पर रिपोर्टिंग की रूपरेखा रखी। सहायक नोडल अधिकारी श्री गोविन्द चौहान ने संशोधित रैपिड एक्शन प्लान, माइक्रोप्लानिंग, घर-घर हेड काउंट सर्वे और छूटे हुए बच्चों के फॉलोअप की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
अभियान का पूरा कैलेंडर: जानें कब क्या होगा स्वास्थ्य विभाग ने 12 नवंबर से 14 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान की चरणबद्ध समय-सारणी तय कर दी है:
- 12 नवंबर: जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक
- 13 से 14 नवंबर: ब्लॉक स्तरीय बैठक एवं मितानिनों द्वारा घर-घर हेड काउंट सर्वे
- 16 से 18 नवंबर: विद्यालयवार जानकारी संकलन एवं माइक्रोप्लानिंग
- 20 से 21 नवंबर: सर्वे सत्यापन एवं टीकाकरण की अंतिम तैयारी
- 23 से 28 नवंबर: प्रथम चरण का HPV टीकाकरण अभियान
- 30 नवंबर: प्रथम चरण की जिला स्तरीय समीक्षा
- 01 से 04 दिसंबर: द्वितीय चरण के लिए संशोधित माइक्रोप्लान तैयार करना
- 07 से 12 दिसंबर: छूटी हुई बालिकाओं का फॉलोअप एवं विशेष टीकाकरण सत्र
- 14 दिसंबर: द्वितीय चरण की अंतिम समीक्षा
बैठक में टीकाकरण शाखा प्रभारी श्रीमती मनीषा कुजूर सहित जिले के आठों विकासखंडों के बीएमओ (BMO), सेक्टर चिकित्सा अधिकारी और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी मौजूद रहे। सभी विभागों के आपसी समन्वय और जन-जागरूकता के जरिए इस अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया गया।
