जनजातीय वीथिका का अवलोकन कर वीर नायकों की गौरवगाथाओं को किया नमन, कहा— युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी यह प्रतिमा
बिलासपुर/रायपुर, 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने सोमवार को अपने बिलासपुर प्रवास के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में स्थापित धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की भव्य प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए देश की स्वतंत्रता, आदिवासी अधिकारों और स्वाभिमान की रक्षा के लिए उनके ऐतिहासिक संघर्ष व बलिदान का स्मरण किया। इसके साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर में निर्मित ‘जनजातीय वीथिका’ का अवलोकन कर जनजातीय महानायकों की गौरवगाथाओं को देखा।
उलगुलान आंदोलन और बिरसा मुंडा का संघर्ष युवाओं को देगा नई दिशा प्रतिमा अनावरण के पश्चात संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजातीय गौरव, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महानायक थे। उन्होंने अल्पायु में ही अंग्रेजी हुकूमत के अन्याय और शोषण के खिलाफ आदिवासी समाज को संगठित कर ऐतिहासिक ‘उलगुलान’ आंदोलन का नेतृत्व किया। जल, जंगल और जमीन के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष भारतीय इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्रीय विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित यह प्रतिमा विद्यार्थियों और युवा पीढ़ी के लिए सदैव प्रेरणा का केंद्र बनी रहेगी और उन्हें राष्ट्र व समाज के प्रति समर्पण की सीख देगी।
जनजातीय वीथिका में सहेजी गई वीर नायकों की विरासत, सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित जनजातीय वीथिका के अवलोकन के दौरान मुख्यमंत्री श्री साय ने वहां प्रदर्शित जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के जीवन परिचय, वीरता और योगदान से जुड़ी जानकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनजातीय वीथिका जैसे प्रयास हमारी समृद्ध विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को अपने महान पूर्वजों के इतिहास व संस्कृति से परिचित कराने में अहम भूमिका निभाते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज की संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर समाज के हर परिवार को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस गरिमामय अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव, विधायक श्री धरमलाल कौशिक, श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, विश्वविद्यालय के कुलपति श्री आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष श्री भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, सहकारी बैंक अध्यक्ष श्री रजनीश सिंह, संभागायुक्त श्री सुनील जैन, आईजी श्री रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल और एसएसपी श्री रजनेश सिंह सहित विश्वविद्यालय के प्राध्यापक, विद्वान, विद्यार्थी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
