जशपुर की मेहमाननवाज़ी के कायल हुए राज्यपाल रमेन डेका: केरेगांव के होम-स्टे में चखा पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद, महिलाओं के हुनर को सराहा

जशपुर की खूबसूरत वादियों और यहाँ की समृद्ध संस्कृति ने एक बार फिर खास मेहमानों का मन मोह लिया है। शनिवार को अपने जशपुर प्रवास के दौरान छत्तीसगढ़ के राज्यपाल श्री रमेन डेका प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देशदेखा के करीब बसे केरेगांव होम-स्टे पहुँचे। यहाँ उन्होंने न केवल जशपुर की प्राकृतिक सुंदरता को निहारा, बल्कि यहाँ के सीधे-सरल जनजीवन और बेजोड़ आतिथ्य का अनुभव भी किया।

चखा देशदेखा समूह की महिलाओं के हाथों का स्वाद होम-स्टे प्रवास के दौरान राज्यपाल ने ग्रामीण परिवेश का आनंद लिया। देशदेखा समूह की ग्रामीण महिलाओं ने उनके लिए पारंपरिक विधि से विशेष व्यंजन तैयार किए थे। व्यंजनों के स्वाद और परोसने के पारंपरिक अंदाज़ की राज्यपाल ने खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश में विकसित ये होम-स्टे न केवल पर्यटकों को शांति प्रदान करते हैं, बल्कि स्थानीय परिवारों की आजीविका का एक मजबूत आधार भी बन रहे हैं।

‘जसक्राफ्ट’ के उत्पादों ने जीता दिल इस मौके पर स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने राज्यपाल को ‘जसक्राफ्ट’ ब्रांड के तहत छिंद और कांसा से तैयार किए गए पारंपरिक आभूषण भेंट किए। हाथ से बनी माला और झुमके देखकर राज्यपाल ने महिलाओं के कौशल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में क्रांतिकारी कदम हैं।

एडवेंचर स्पोर्ट्स और पर्यटन पर जोर क्षेत्र की संभावनाओं को देखते हुए राज्यपाल ने यहाँ होने वाले रॉक क्लाइंबिंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स की भी जानकारी ली। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि ऐसे खेलों को बढ़ावा दिया जाए ताकि अधिक से अधिक युवा यहाँ आएं और जशपुर पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर अपनी पहचान बना सके।

इनकी रही मौजूदगी: राज्यपाल के इस प्रवास के दौरान कलेक्टर श्री रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार, और वनमंडलाधिकारी श्री शशि कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *