छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग का मुख्यालय जगदलपुर सोमवार को देश के कोने-कोने से आए जनजातीय खिलाड़ियों के उत्साह से गूंज उठा। धरमपुरा क्रीड़ा परिसर में ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ का चार दिवसीय भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के पहले ही दिन ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली, जहाँ जीत-हार का फैसला सेकंड के सौवें हिस्से से हुआ।
5000 मीटर दौड़: महाराष्ट्र का दबदबा
पुरुष वर्ग की 5000 मीटर दौड़ में महाराष्ट्र के धावकों ने अपना एकतरफा जलवा कायम रखा। महाराष्ट्र के गोविंद प्रकाश पाड़ेकर ने 15:11.35 का समय निकालकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, उन्हीं के साथी सूरज जयराम माशी ने 15:11.64 के साथ रजत पदक जीतकर महाराष्ट्र की झोली में दोहरी खुशी डाल दी। मध्य प्रदेश के रंगलाल दोदियार ने कांस्य पदक हासिल किया।
महिला वर्ग में अरुणाचल की चमक
महिला वर्ग की 5000 मीटर स्पर्धा में पूर्वोत्तर भारत की प्रतिभा का लोहा देखने को मिला। अरुणाचल प्रदेश की नेदी नगी ने 18:24.66 की शानदार रफ्तार के साथ स्वर्ण पदक जीतकर अपने राज्य का मान बढ़ाया। इस मुकाबले में मध्य प्रदेश की आरती डावर ने रजत और नागालैंड की टी सूचोई टी ने कांस्य पदक पर कब्जा जमाया।
