धमतरी में सोंढूर नदी तट पर एमपी के बाइकर्स ने लिया रिवर साइड कैंपिंग का आनंद: नाइट ट्रेकिंग, बर्डवॉचिंग और देसी खानपान से हुए रूबरू

धमतरी: छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य और वनांचल की शांत वादियां अब पड़ोसी राज्यों के एडवेंचर और नेचर लवर्स को भी लुभाने लगी हैं। इसी क्रम में मध्य प्रदेश से पहुंचे बाइकर्स के एक समूह ने धमतरी जिले के वनांचल क्षेत्र स्थित घीकुड़िया गांव के पास सोंढूर नदी के विस्तृत रेतीले तट पर कैंपिंग कर प्रकृति पर्यटन का रोमांचक अनुभव लिया।

निरई माता पर्यटन समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कैंपिंग की सबसे खास बात स्थानीय युवाओं की सीधी भागीदारी रही। कैंप साइट तैयार करने से लेकर टेंट लगाने, पर्यटकों की मेजबानी, पारंपरिक खानपान और गाइडिंग तक की पूरी कमान स्थानीय ग्रामीण युवाओं ने संभाली, जिसने सामुदायिक पर्यटन (कम्युनिटी टूरिज्म) और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

चांदनी रात में नाइट ट्रेकिंग और कैंपफायर स्टोरीटेलिंग

मध्य प्रदेश से आए राइडर्स ने सोंढूर नदी के रेतीले किनारे टेंट लगाकर खुले आसमान के नीचे रात्रि विश्राम किया। बाइकर्स ने चांदनी रात में नदी किनारे नाइट ट्रेकिंग, अलसुबह बर्डवॉचिंग और घने जंगलों में नेचर वॉक का लुत्फ उठाया। रात को अलाव के इर्द-गिर्द आयोजित ‘स्टोरीटेलिंग सेशन’ में बाइकर्स ने अपने साहसिक यात्रा संस्मरण साझा किए।

इसके साथ ही दल ने क्षेत्र के प्रमुख आस्था केंद्र सरई बाबा के दर्शन किए और घीकुड़िया गांव के ग्रामीणों से संवाद कर उनकी जीवनशैली, पारंपरिक रीति-रिवाजों और स्थानीय छत्तीसगढ़ी व्यंजनों का स्वाद चखा।

रिवर साइड कैंपिंग और इको-टूरिज्म का उभरता केंद्र बना धमतरी

सोंढूर नदी का प्राकृतिक परिवेश, शांत जलधारा और आसपास की समृद्ध जैव विविधता इसे ऑफबीट ट्रैवल, बाइकिंग टूरिज्म और रिवर साइड कैंपिंग के लिए एक मुफीद डेस्टिनेशन बनाते हैं। ऐसे आयोजनों से न सिर्फ ग्रामीण अंचलों में युवाओं को गाइड व हॉस्पिटैलिटी के रूप में रोजगार मिल रहा है, बल्कि स्थानीय उत्पादों और संस्कृति को भी पहचान मिल रही है।

सामुदायिक पर्यटन को बढ़ावा दे रहा प्रशासन: कलेक्टर अबिनाश मिश्रा

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने पहल की सराहना करते हुए कहा कि धमतरी जिले में जल संसाधन, वन संपदा और समृद्ध ग्रामीण व जनजातीय संस्कृति के रूप में पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं। जिला प्रशासन बुनियादी ढांचे के विकास के साथ-साथ स्थानीय समुदायों को जोड़कर जिम्मेदार पर्यटन (रिस्पॉन्सिबल टूरिज्म) को बढ़ावा दे रहा है। उन्होंने कहा कि घीकुड़िया में युवाओं द्वारा आयोजित यह कैंपिंग स्थानीय युवाओं के लिए आजीविका का सशक्त जरिया बनेगी और धमतरी को एडवेंचर व नेचर टूरिज्म के नक्शे पर नई पहचान दिलाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *