कुनकुरी: सीएम विष्णुदेव साय की पहल से श्री टोला की वर्षों पुरानी मांग पूरी, गांव को मिली रंगमंच और हाई मास्ट लाइट की सौगात

कुनकुरी (जशपुर):

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में ग्रामीण अंचलों की बुनियादी और सामुदायिक सुविधाओं को मजबूत करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में ग्राम पंचायत कुंजारा के आश्रित ग्राम श्री टोला के ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित मांग पूरी हो गई है। गांव में दुर्गा पूजा स्थल पर हाई मास्ट लाइट स्थापित कर दी गई है, साथ ही मुख्यमंत्री की विधायक निधि से 3 लाख रुपये की लागत से एक सर्वसुविधायुक्त पक्के रंगमंच का निर्माण कराया गया है।

लंबे समय से इन बुनियादी सुविधाओं की राह देख रहे ग्रामीणों को अब धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक आयोजनों के लिए एक व्यवस्थित ठिकाना मिल गया है।

रात्रिकालीन आयोजनों में मिलेगी सहूलियत, दुर्गा पूजा स्थल हुआ रोशन

श्री टोला के दुर्गा पूजा परिसर में हाई मास्ट लाइट लगने से पूरे इलाके में दूधिया रोशनी फैल गई है। इससे आने वाले दुर्गा पूजा महोत्सव सहित अन्य रात्रिकालीन आयोजनों में ग्रामीणों को अंधेरे की समस्या से पूरी तरह मुक्ति मिल जाएगी। सुरक्षा और सुविधा के लिहाज से यह हाई मास्ट लाइट ग्रामीणों के लिए बेहद कारगर साबित होगी।

3 लाख की विधायक निधि से बना स्थायी रंगमंच

गांव में अब तक किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम, नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुति या धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अस्थायी मंच तैयार करना पड़ता था, जिससे ग्रामीणों का समय और धन दोनों खर्च होता था। विधायक निधि से 3 लाख रुपये की लागत से बने इस स्थायी रंगमंच से अब गांव में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नया मंच मिलेगा।

ग्रामीणों ने सीएम के प्रति जताया आभार

सुविधाएं धरातल पर उतरने के बाद श्री टोला के ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देकर मुख्यमंत्री ने गांव की एक बड़ी समस्या को दूर किया है। इसके लिए समस्त ग्रामवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *