पत्थलगांव (जशपुर):
गांधी जयंती के अवसर पर पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बटुराबहार में कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के शुभारंभ में मुख्य अतिथि के रूप में पत्थलगांव विधायक गोमती साय शामिल हुईं।
कार्यक्रम की शुरुआत में विधायक गोमती साय ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया। इसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से मुलाकात कर प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि ग्रामीण स्तर पर ऐसे आयोजनों से युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह बढ़ता है और छिपी हुई प्रतिभाओं को मंच मिलता है। खेल केवल मनोरंजन का जरिया नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का भाव मजबूत करते हैं।
उन्होंने मैदान में उतरे सभी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और अपील की कि सभी प्रतिभागी खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करें तथा अपने गांव व क्षेत्र का नाम रोशन करें। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, खेल प्रेमी और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
