जशपुरनगर: जशपुर जिले के फरसाबहार तहसील अंतर्गत बनमुंडा से लकराघरा मार्ग का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत करीब 1 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत से तैयार इस पक्की सड़क से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी राहत मिली है।
कीचड़ और जलभराव से मिला छुटकारा बनमुंडा-लकराघरा मार्ग क्षेत्र के लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख जरिया है। अब तक पक्की सड़क न होने के चलते बारिश के दिनों में यहां चलना दूभर हो जाता था। कीचड़ और गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही ठप पड़ जाती थी, जिसका सीधा असर स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, किसानों और मजदूरों पर पड़ता था। अब डामरीकृत पक्की सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और हाट-बाजार तक ग्रामीणों की पहुंच आसान हो गई है।
ग्रामीणों ने जताया शासन का आभार वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग के बनने से न केवल बरसात की फजीहत खत्म हुई है, बल्कि गांवों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होने से क्षेत्र में विकास और व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
