बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में वन मंत्री केदार कश्यप ने किया श्रमदान: जलकुंभी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश, स्वच्छाग्रही दीदियों को किया सम्मानित

बीजापुर:

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम में प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन तथा जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने बीजापुर के ऐतिहासिक महादेव तालाब में श्रमदान कर स्वच्छता का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, समाजसेवियों और छात्र-छात्राओं के साथ मिलकर तालाब परिसर से जलकुंभी व कचरे की सफाई की और लोगों को स्वच्छ भारत निर्माण में भागीदारी की शपथ दिलाई।

सामूहिक प्रयास से ही स्वच्छता बनेगी जनआंदोलन: केदार कश्यप

श्रमदान के बाद जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि केवल शासन-प्रशासन के प्रयासों से स्वच्छता का लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता, इसके लिए हर नागरिक की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। अपने आसपास के परिवेश, जलस्रोतों और सार्वजनिक धरोहरों को साफ-सुथरा रखना हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है। ‘सेवा मेरा योगदान’ की भावना से किया गया प्रत्येक व्यक्ति का छोटा-सा प्रयास भी इस अभियान को व्यापक जनआंदोलन का रूप दे सकता है।

नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियां हुईं सम्मानित, बांटी गईं पीपीई किट

समारोह के दौरान स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली नैमेड़ की स्वच्छाग्रही दीदियों को मंत्री केदार कश्यप ने प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने दीदियों के समर्पण की सराहना करते हुए इसी ऊर्जा के साथ जन-जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। साथ ही, फील्ड में मुस्तैद रहने वाली नगरपालिका की स्वच्छता दीदियों को सुरक्षा उपकरण, स्वच्छता किट और पीपीई किट वितरित किए गए।

प्रशासनिक अमला और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पेरे पुलैय्या, नगरपालिका अध्यक्ष गीता सोम पुजारी सहित कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *