उत्तर बस्तर कांकेर। शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ का सकारात्मक असर धरातल पर दिखने लगा है। विकासखंड के महला में आयोजित ‘सेवा सेतु शिविर’ के दौरान पी.व्ही. 107 निवासी श्रीमती सविता सरकार को ‘मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना’ के अंतर्गत 20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि का चेक सौंपा गया।
यह चेक कांकेर सांसद श्री भोजराज नाग, अंतागढ़ विधायक श्री विक्रम देव उसेंडी एवं कलेक्टर श्री कुन्दन कुमार की मौजूदगी में मंच से हितग्राही को प्रदान किया गया।
सपनों को पूरा करने में मिलेगी मदद: सविता सरकार
सहायता राशि प्राप्त करने के बाद भावुक हुईं श्रीमती सविता सरकार ने बताया कि वह इस राशि का उपयोग अपने घर के जरूरी कार्यों और आवश्यकताओं को पूरा करने में करेंगी। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उम्र के इस पड़ाव पर शासन की ओर से मिली यह एकमुश्त सहायता उनके रुके हुए कार्यों को पूरा करने में बड़ा संबल बनेगी।
वरिष्ठ श्रमिकों को आर्थिक सुरक्षा देती है योजना
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा संचालित ‘मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना’ राज्य के पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के लिए एक महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा पहल है।
- उद्देश्य: 60 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके पंजीकृत निर्माण श्रमिकों को वृद्धावस्था में आर्थिक संबल और आत्मनिर्भरता प्रदान करना।
- वित्तीय सहायता: पात्र हितग्राहियों को एकमुश्त ₹20,000 की वित्तीय सहायता दी जाती है, जिससे वे अपनी व्यक्तिगत और घरेलू आवश्यकताओं की पूर्ति कर सकें।
जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि सुदूर अंचलों में ‘सेवा सेतु शिविर’ लगाने का मुख्य ध्येय यही है कि पात्र हितग्राहियों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें और योजनाओं का लाभ सीधे उनके गांव-कस्बे में ही मिल सके।
