नवरात्रि पर अघोर पीठ सोगड़ा पहुंचीं विधायक गोमती साय: पूज्य बाबा गुरुपद संभव राम जी से लिया आशीर्वाद, क्षेत्र की खुशहाली की कामना

जशपुर। शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने विश्व प्रसिद्ध अघोर पीठ, श्री सर्वेश्वरी समूह आश्रम सोगड़ा पहुंचकर पूज्यपाद अघोरेश्वर भगवान राम जी की तपोभूमि पर मत्था टेका। इस दौरान उन्होंने पूज्य बाबा गुरुपद संभव राम जी के दर्शन कर उनका स्नेहिल आशीर्वाद प्राप्त किया।

विधायक श्रीमती साय ने आश्रम परिसर में विधिवत दर्शन-पूजन करते हुए जगज्जननी माँ सर्वेश्वरी एवं माँ भगवती जगदंबा की आराधना की। उन्होंने महामाया के चरणों में शीश नवाकर समस्त जशपुर जिले सहित पूरे प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, सौहार्द और उत्तम स्वास्थ्य की मंगलकामना की।

दर्शन के उपरांत श्रीमती गोमती साय ने कहा कि सोगड़ा आश्रम केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि समाज सेवा, मानवीय मूल्यों और अध्यात्म की पावन स्थली है। पूज्यपाद अघोरेश्वर भगवान राम जी के बताए मार्ग और पूज्य बाबाजी के सानिध्य से क्षेत्र को सदैव नई ऊर्जा और सकारात्मक दिशा मिलती रही है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के इस पावन काल में माँ सर्वेश्वरी और पूज्य बाबाजी की असीम कृपा हम सब पर सदैव बनी रहे।

इस अवसर पर उनके साथ क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, आश्रम से जुड़े श्रद्धालु एवं स्थानीय नागरिक भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *