गांधी जयंती पर बेटियों को सम्मान: ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ के तहत धमतरी के धूमा में बना पहला पिंक टॉयलेट, प्रदेश के 6,671 स्कूलों में चल रहा निर्माण

धमतरी:

राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड स्थित ग्राम पंचायत धूमा में बेटियों के स्वास्थ्य, स्वच्छता और गरिमा को समर्पित एक अहम सौगात मिली। विकसित भारत–रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) यानी ‘वीबी-जी राम जी’ योजना के तहत ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान के अंतर्गत निर्मित प्रदेश के पहले बालिका शौचालय का लोकार्पण किया गया।

गुलाबी रंग से सजे इस नव-निर्मित पिंक टॉयलेट के उद्घाटन के अवसर पर स्कूली बच्चियों ने हाथों में स्वच्छता, सुरक्षा और बेटियों के सम्मान के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर समाज को जागरूक किया। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और स्कूली बच्चों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही।

6,671 ग्रामीण स्कूलों में 286.85 करोड़ की लागत से निर्माण

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीते 6 अगस्त को ‘मेरी बेटी–मेरा अभिमान’ अभियान की शुरुआत की थी, जिसे 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक मिशन मोड में संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत प्रदेशभर के ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित 6,671 शासकीय विद्यालयों में करीब 286.85 करोड़ रुपये की लागत से अत्याधुनिक और सुरक्षित बालिका शौचालयों का निर्माण कराया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य छात्राओं को स्वच्छ वातावरण देकर स्कूल ड्रॉपआउट दर को कम करना और उनकी गरिमा की रक्षा करना है।

नींव से लोकार्पण तक मैदानी निगरानी का दिखा असर

धूमा में तैयार हुआ यह मॉडल शौचालय समयबद्ध प्रशासनिक निगरानी का प्रत्यक्ष परिणाम है। निर्माण के दौरान ‘वीबी-जी राम जी’ के आयुक्त एवं पीएम आवास योजना (ग्रामीण) के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने खुद ग्राम धूमा पहुंचकर कार्य की गुणवत्ता और प्रगति का जायजा लिया था। उन्होंने मौके पर कार्यरत श्रमिकों के मजदूरी भुगतान की समीक्षा करते हुए इसे तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए थे। प्रशासनिक तत्परता के चलते ठीक गांधी जयंती के दिन यह सुविधा छात्राओं को समर्पित कर दी गई।

राज्य सरकार का लक्ष्य 26 जनवरी 2027 तक प्रदेश के हर लक्षित ग्रामीण शासकीय विद्यालय में बालिकाओं के लिए अलग और सुरक्षित शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *