गांव-पंचायत स्तर पर पहुंचा प्रशासन: ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत जशपुर में सेवा सेतु शिविरों से मिला योजनाओं का लाभ, मौके पर हुआ समस्याओं का समाधान

जशपुर:

जशपुर जिले के नागरिकों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने से निजात दिलाने और शासन की कल्याणकारी योजनाओं को सीधे गांव-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत सभी विकासखंडों में ‘सेवा सेतु शिविर’ आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं, शिकायतों और विकास संबंधी मांगों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत आवश्यक सामग्री और प्रमाणपत्रों का वितरण भी हो रहा है।

कामाकीमा और कांसाबेल में उमड़ी ग्रामीणों की भीड़

इसी क्रम में बगीचा विकासखंड के ग्राम कामाकीमा और जनपद पंचायत कांसाबेल में विशेष सेवा सेतु शिविरों का आयोजन किया गया। शिविर में श्रम विभाग, खाद्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व और स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न प्रमुख विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एक ही छत के नीचे उपस्थित रहे। शिविर स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों से सीधे आवेदन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों ने मौके पर ही उनका परीक्षण किया और समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला।

एक ही जगह बने आयुष्मान, राशन और पेंशन कार्ड

शिविरों के दौरान ग्रामीणों को पेंशन स्वीकृति, नए राशन कार्ड, आयुष्मान भारत कार्ड, श्रमिक पंजीयन कार्ड और अन्य नागरिक पहचान दस्तावेजों से जुड़े आवेदन जमा करने की सीधी सुविधा मिली। संबंधित विभागों द्वारा पात्रता की जांच कर तुरंत सेवाएं सुनिश्चित की गईं। इसके अतिरिक्त, शिविर में उपस्थित विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन द्वारा संचालित विभिन्न स्वरोजगार, कृषि और पोषण योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद इनसे जुड़ सकें।

दफ्तरों की दौड़ से मिली राहत

दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में सेवा सेतु शिविरों के आयोजन से ग्रामीणों को ब्लॉक या जिला मुख्यालय की लंबी दूरी तय करने और किराए-भाड़े के खर्च से बड़ी राहत मिली है। गांव में ही प्रशासनिक अमले की मौजूदगी से न केवल योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक पहुंच रहा है, बल्कि ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद भी मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *