बहता बरसाती पानी बना आजीविका का मजबूत जरिया: सरगुजा में रोजगार योजना की डबरी से मछली पालन और सब्जी उत्पादन कर रहा किसान परिवार

रायपुर/सरगुजा:

बरसात का जो पानी पहले बिना किसी उपयोग के बह जाता था, अब वही पानी सहेजकर ग्रामीण परिवारों की आय का स्थायी जरिया बन रहा है। सरगुजा जिले के लखनपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लोसगा में ग्रामीण रोजगार योजना के तहत बनी ‘आजीविका डबरी’ ने एक किसान परिवार के लिए मछली पालन और सब्जी उत्पादन के नए द्वार खोल दिए हैं। जल संरक्षण को आजीविका से जोड़ने की यह सफल पहल ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आत्मनिर्भरता की मिसाल बनकर उभरी है।

पिता के नाम बनी डबरी, बेटे ने डाला 9 किलो मछली बीज

ग्राम लोसगा निवासी कनी लाल बड़ा बताते हैं कि ग्रामीण रोजगार योजना के अंतर्गत उनके पिता समय लाल बड़ा के नाम से खेत में आजीविका डबरी स्वीकृत हुई थी। डबरी का निर्माण पूरा होने के बाद परिवार ने इसमें वर्षाजल संचित किया और मत्स्य पालन शुरू करने के लिए 9 किलो मछली बीज डाले। वर्तमान में डबरी में मछलियां तैयार हो रही हैं। परिवार को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मछलियों की बिक्री से उन्हें अच्छा-खासा मुनाफा मिलेगा, जिससे नियमित खेती के अलावा एक अतिरिक्त आमदनी सुनिश्चित होगी।

सिंचाई की चिंता हुई दूर, लहलहाने लगीं मौसमी सब्जियां

कनी लाल के अनुसार, पहले बारिश का पानी बेकार बहकर निकल जाता था और रबी या मौसमी फसलों के समय पानी की भारी किल्लत झेलनी पड़ती थी। डबरी बनने के बाद अब पर्याप्त पानी का संचयन हो रहा है। परिवार इस पानी का दोहरा उपयोग कर रहा है—एक ओर जहां इसमें मछलियां पल रही हैं, वहीं दूसरी ओर इसी पानी से आसपास की जमीन पर सब्जी-भाजी की नियमित सिंचाई की जा रही है।

एक ही संरचना से आय के दो मजबूत साधन

एक ही जल संरचना से मत्स्य पालन और हरी सब्जियों की खेती को जोड़कर परिवार ने सीमित संसाधनों का अधिकतम उपयोग साबित कर दिखाया है। सब्जियों की नियमित बिक्री से घर का रोजमर्रा का खर्च निकल रहा है, वहीं मछलियों की खेप तैयार होने पर एकमुश्त आर्थिक लाभ मिलेगा।

कनी लाल बड़ा ने डबरी निर्माण से मिली इस सुविधा और आजीविका के अवसरों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की इस पहल ने न केवल उनके खेत को पानी दिया है, बल्कि परिवार के भविष्य को भी आर्थिक संबल प्रदान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *