महतारी वंदन योजना बनी पहाड़ी कोरवा महिला शांति का आर्थिक संबल, चार बच्चों के पालन-पोषण में मिल रही बड़ी मदद

हर महीने खाते में आ रही सहायता राशि से आसान हुई परिवार की राह, लाभार्थी शांति ने ‘विष्णु भैया’ का जताया आभार

अम्बिकापुर, 14 नवंबर 2026/ जनजातीय समाज की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और परिवार की जिम्मेदारियों में उनकी भागीदारी मजबूत करने में ‘महतारी वंदन योजना’ महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस योजना का लाभ विशेष पिछड़ी जनजाति समुदाय की महिलाओं तक भी सीधे पहुंच रहा है। सरगुजा जिले के ग्राम मानिकप्रकाशपुर निवासी श्रीमती शांति पहाड़ी कोरवा के लिए यह योजना उनके बच्चों की परवरिश और दैनिक जरूरतों को पूरा करने का मजबूत आधार बन गई है।

चार बच्चों की जिम्मेदारियों को निभाने में मिला आर्थिक सहारा चार बच्चों की जिम्मेदारी संभाल रहीं श्रीमती शांति बताती हैं कि महतारी वंदन योजना के तहत उन्हें हर महीने नियमित रूप से आर्थिक सहायता मिल रही है। इस राशि का उपयोग वे अपने बच्चों के खर्च और उनकी आवश्यकताओं को पूरा करने में करती हैं। नियमित आय का यह स्रोत मिलने से उन्हें परिवार के खर्चों का बेहतर प्रबंधन करने में काफी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार, कहा— ‘विष्णु भैया को बहुत-बहुत धन्यवाद’ योजना से मिल रहे लाभ को लेकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शांति पहाड़ी कोरवा ने कहा कि हर महीने मिलने वाले पैसों से बच्चों का खर्च चलाने में बड़ी मदद मिलती है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आत्मीय आभार जताते हुए कहा कि वे ‘विष्णु भैया’ को बहुत-बहुत धन्यवाद देती हैं।

उल्लेखनीय है कि ‘सशक्त नारी, समृद्ध छत्तीसगढ़’ के संकल्प के साथ महतारी वंदन योजना के अंतर्गत पात्र विवाहित महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की जाती है। यह योजना विशेष रूप से दूरस्थ और जनजातीय अंचलों की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कारगर साबित हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *