जशपुरनगर:
फरसाबहार तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत जोरंडाझरिया के ग्रामीणों की वर्षों पुरानी बहुप्रतीक्षित मांग आखिरकार पूरी हो गई है। मुख्यमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक विष्णु देव साय के विधायक मद से स्वीकृत 10 लाख रुपये की लागत से गांव में सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। भवन तैयार होने से अब ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और मांगलिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक व्यवस्थित और पक्का मंच मिल गया है।
किराए और खुले मैदान की मजबूरी से मिली मुक्ति
गांव में पक्के सामुदायिक भवन के अभाव में ग्रामीणों को अब तक शादी-ब्याह, सामाजिक बैठकों, ग्राम सभाओं या तीज-त्योहारों के आयोजनों के लिए टेंट लगाने या दूसरे गांवों पर निर्भर रहना पड़ता था। बारिश और ठंड के मौसम में सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करना बड़ी चुनौती बन जाता था। अब गांव के भीतर ही सर्वसुविधायुक्त भवन उपलब्ध हो जाने से ग्रामीणों को भटकने और अतिरिक्त खर्च करने की परेशानी से स्थायी राहत मिल गई है।
सामूहिक गतिविधियों और ग्राम विकास को मिलेगी रफ्तार
इस नवनिर्मित भवन का उपयोग ग्रामीण न केवल पारिवारिक और सामाजिक उत्सवों के लिए करेंगे, बल्कि यह महिला स्व-सहायता समूहों की बैठकों, स्वास्थ्य शिविरों, साक्षरता कार्यक्रमों और ग्राम विकास से जुड़ी सार्वजनिक परिचर्चाओं का भी प्रमुख केंद्र बनेगा। गांव में बुनियादी ढांचे का विस्तार होने से सामाजिक समरसता और सामुदायिक भागीदारी को और मजबूती मिलेगी।
ग्रामीणों ने जताया मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का आभार
सामुदायिक भवन की सौगात मिलने पर जोरंडाझरिया के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। ग्रामीणों ने कहा कि मुख्यमंत्री ने जमीनी समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए त्वरित राशि स्वीकृत कराई और निर्माण कार्य को समय पर पूरा कराया। ग्रामीणों का कहना है कि अंचल में सड़क, पुलिया, पेयजल और सामुदायिक भवनों के निर्माण से ग्रामीण जीवन सुगम हो रहा है और विकास का सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है।
