जशपुर:
‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत जशपुर जिले के सभी विकासखंडों में आयोजित हो रहे सेवा सेतु शिविर ग्रामीणों के लिए वरदान साबित हो रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाई जा रही है और उनकी समस्याओं का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया जा रहा है। इसी क्रम में फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत ऊपरकछार में विशेष सेवा सेतु शिविर का आयोजन संपन्न हुआ।
आजीविका संवर्धन पर जोर, बांटे गए अधिकार अभिलेख
शिविर के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कदम उठाए गए। आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से पशुपालन विभाग के सहयोग से 35 पात्र हितग्राहियों को बतख वितरण किया गया, जिससे वे अतिरिक्त आय अर्जित कर सकें। इसके साथ ही राजस्व विभाग द्वारा 34 हितग्राहियों को उनके भूमि संबंधी अधिकार अभिलेख (पट्टे/अभिलेख) वितरित किए गए, जिससे ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिली।
उत्कृष्ट कार्यकर्ताओं का सम्मान और विभागीय योजनाओं की जानकारी
शिविर स्थल पर महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा क्षेत्र में बेहतरीन सेवाएं देने वाली आंगनबाड़ी व पोषण कार्यकर्ताओं को उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। इस दौरान खाद्य विभाग, राजस्व, महिला एवं बाल विकास, पशुपालन, कृषि और श्रम विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को संचालित योजनाओं, पात्रता नियमों और आवेदन प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।
समस्याओं का मौके पर ही हुआ समाधान
शिविर में राशन, पेंशन, राजस्व विवाद और श्रमिक पंजीयन से जुड़े विभिन्न आवेदन प्राप्त हुए, जिनका विभागीय अमले ने प्राथमिकता के साथ परीक्षण कर मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करते हुए योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
