छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट का रोमांच: CM विष्णु देव साय को मिला आमंत्रण, महिला दर्शकों को स्टेडियम में मिलेगी फ्री एंट्री

रायपुर:

छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैच का आयोजन होने जा रहा है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच खेले जाने वाले टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरी खुशी जताते हुए इसे पूरे प्रदेश के लिए गौरवशाली क्षण बताया है।

महानदी मंत्रालय भवन में छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ (CSCS) के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उन्हें भारत-जिम्बाब्वे मुकाबले के लिए औपचारिक आमंत्रण सौंपा। मुख्यमंत्री ने निमंत्रण स्वीकार करते हुए प्रदेश में पहली बार महिला अंतरराष्ट्रीय मैच की मेजबानी के लिए संघ को बधाई व शुभकामनाएं दीं।

महिला दर्शकों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश

इस ऐतिहासिक मुकाबले को जन-जन तक पहुंचाने और नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने एक बड़ा सुझाव रखा। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक बेटियों और महिलाओं को स्टेडियम लाने के लिए महिला दर्शकों की एंट्री पूरी तरह निःशुल्क (Free Entry) रखी जाए। मुख्यमंत्री के इस प्रस्ताव पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने तत्काल अपनी सहमति दे दी।

“देश-दुनिया की दिग्गज महिला क्रिकेटरों को छत्तीसगढ़ की माटी पर खेलते देखना हमारी बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद प्रेरणादायी होगा। जब बेटियां अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को आत्मविश्वास के साथ मैदान पर पसीना बहाते देखेंगी, तो उनका भरोसा बढ़ेगा कि सही अवसर और मेहनत से वे भी दुनिया में देश का नाम रोशन कर सकती हैं।”

— विष्णु देव साय, मुख्यमंत्री

छत्तीसगढ़ को ‘स्पोर्ट्स हब’ बनाने की तैयारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेलों के प्रमुख केंद्र (स्पोर्ट्स हब) के रूप में विकसित करने के लिए बुनियादी ढांचे और प्रशिक्षण सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। बस्तर और सरगुजा जैसे वनांचल व दूरस्थ क्षेत्रों से भी खेल प्रतिभाएं सामने आ रही हैं। ऐसे बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी से स्थानीय खिलाड़ियों को सीधे सीखने का मौका मिलेगा और समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार होगा।

संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी रहे उपस्थित

मुलाकात के दौरान छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अध्यक्ष मोहन दास, डायरेक्टर विजय शाह, पूर्व अध्यक्ष मुकुल तिवारी, सचिव विंटेश अग्रवाल, जी. एस. मूर्ति और विनय बजाज सहित संघ के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *