जशपुर (15 अक्टूबर): जिले के दूरस्थ अंचलों में निवासरत दिव्यांगजनों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से फरसाबहार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेष प्रमाणीकरण एवं यूडीआईडी (UDID) शिविर का आयोजन किया गया। कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देशानुसार ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत आयोजित इस शिविर का मुख्य उद्देश्य एक ही छत के नीचे दिव्यांगजनों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें प्रमाण पत्र और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना रहा।
145 दिव्यांगजन पहुंचे जांच कराने, 63 का बनेगा यूडीआईडी कार्ड
शिविर में फरसाबहार विकासखंड के विभिन्न ग्राम पंचायतों से कुल 145 दिव्यांगजन पहुंचे। मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने उपस्थित सभी हितग्राहियों का सघन स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के उपरांत 63 दिव्यांगजनों को यूडीआईडी (UDID) कार्ड निर्माण हेतु पात्र पाया गया, जबकि जटिल मामलों के 11 दिव्यांगजनों को समुचित जांच और बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया।
पेंशन, ऋण और सहायक उपकरणों के आवेदनों का त्वरित निपटारा
शिविर केवल मेडिकल जांच तक सीमित नहीं रहा, बल्कि समाज कल्याण विभाग द्वारा मौके पर ही दिव्यांगता पेंशन, सहायक उपकरण वितरण और स्वरोजगार के लिए दिव्यांग ऋण से संबंधित योजनाओं के आवेदन फॉर्म भी भरवाए गए। पात्रता पूरी करने वाले हितग्राहियों को मौके पर ही दिव्यांगता प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
शिविर के दौरान जनपद पंचायत फरसाबहार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) मिथलेश पैंकरा, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक, स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञ चिकित्सक एवं जनपद पंचायत के मैदानी कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष शिविरों का क्रम आगे भी जारी रहेगा।
