खिलाड़ियों को दिया सफलता का मंत्र, कहा— “निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण से जशपुर की प्रतिभाएं गढ़ेंगी नए कीर्तिमान”
जशपुरनगर, 13 नवंबर 2026/ ग्रामीण और दूरस्थ अंचलों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें एक बड़ा मंच देने की दिशा में जशपुर जिले में एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष एवं पत्थलगांव विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती गोमती साय ने शुक्रवार को रणजीता स्टेडियम जशपुर में जिला स्तरीय ‘जशपुर ओलंपिक 2026’ का भव्य शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं श्रीमती गोमती साय ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए जिले में खेल संस्कृति को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का संकल्प दोहराया। इस दो दिवसीय खेल महाकुंभ में जिले के सभी आठ विकासखंडों के करीब 2 हजार जूनियर और सीनियर खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में अपना दमखम दिखा रहे हैं।
श्रीमती गोमती साय के प्रेरणादायी संबोधन ने खिलाड़ियों में भरा जोश उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्रीमती गोमती साय ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, धैर्य और टीम भावना सिखाने की सबसे बड़ी पाठशाला है। उन्होंने युवाओं को सफलता का मंत्र देते हुए कहा कि किसी भी क्षेत्र में शिखर पर पहुंचने के लिए निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत और अटूट समर्पण जरूरी है।
श्रीमती साय ने विशेष रूप से जशपुर के सुदूर वनांचलों की प्रतिभाओं का जिक्र करते हुए कहा कि हमारे ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों की अपार संभावनाएं छिपी हैं। जशपुर ओलंपिक जैसे आयोजन इन प्रतिभाओं को तलाशने, निखारने और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए एक मजबूत सेतु का काम कर रहे हैं। उन्होंने खिलाड़ियों को हार-जीत के दबाव से मुक्त होकर सच्ची खेल भावना के साथ मैदान में उतरने और पूरे देश में जशपुर का नाम रोशन करने का आह्वान किया। उनके आत्मीय और ऊर्जावान संबोधन से पूरे स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
पहले दिन 1100 जूनियर खिलाड़ियों ने दिखाया कौशल जशपुर ओलंपिक को लेकर पूरे जिले में उत्सव जैसा माहौल है। प्रतियोगिता के पहले दिन शुक्रवार को जूनियर वर्ग के लगभग 1100 बालक-बालिका खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतिस्पर्धाओं में हिस्सा लेकर अपनी खेल क्षमता का लोहा मनवाया। वहीं दूसरे दिन सीनियर वर्ग के खिलाड़ी मैदान में अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
12 खेल विधाओं में रोमांचक मुकाबले जिला स्तरीय इस आयोजन में कुल 12 प्रमुख खेलों को शामिल किया गया है:
- एथलेटिक्स: 100 मी., 200 मी., 400 मी. दौड़, लंबी कूद, ऊंची कूद, शॉटपुट, डिस्कस थ्रो, जैवलिन थ्रो और 4×100 मीटर रिले रेस।
- अन्य प्रमुख खेल: तीरंदाजी (इंडियन राउंड 30 व 50 मीटर), बैडमिंटन, फुटबॉल, हॉकी, कुश्ती, कराते, कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल।
- विशेष आकर्षण: कुश्ती और कराते में विभिन्न आयु एवं भार वर्गों के मुकाबले हो रहे हैं, जबकि सीनियर महिला वर्ग के लिए रस्साकशी का विशेष प्रदर्शन रखा गया है।
आठ विकासखंडों से चुनकर जिला स्तर पर पहुंचीं प्रतिभाएं इससे पहले प्रथम चरण में जशपुर, दुलदुला, मनोरा, कुनकुरी, फरसाबहार, कांसाबेल, पत्थलगांव और बगीचा विकासखंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। वहां से चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अब जिला स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। दूरस्थ क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के ठहरने, भोजन और आवागमन की समुचित व्यवस्था की गई है। विजेताओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
इस भव्य आयोजन में नगरपालिका परिषद जशपुर के अध्यक्ष श्री अरविन्द भगत, जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत, कलेक्टर श्री रोहित व्यास सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रशिक्षक और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
