जशपुर के ढोढीआरा गांव में खेत के पास मिला मृत हाथी, वन विभाग की जांच और पोस्टमार्टम जारी; अफवाहों से बचने की अपील

जशपुरनगर:

दुलदुला वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम ढोढीआरा में खेत के पास एक हाथी मृत अवस्था में मिला है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर त्वरित कार्रवाई शुरू कर दी। पशु चिकित्सकों का दल घटनास्थल पर मौजूद है और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत पोस्टमार्टम व अन्य जांच की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

सुबह खेत गए ग्रामीण ने दी सूचना

घटना 24 सितंबर की सुबह की है। ग्राम ढोढीआरा निवासी संतोष राम सुबह करीब 7:30 बजे अपने खेत की ओर गए थे, जहां उन्होंने बाड़ी-खेत के पास हाथी को बेसुध पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर हाथी की मौत हो चुकी थी। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन अमले की मैदानी टीम मौके पर पहुंची और वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराया।

जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी मौत की वजह

विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इलाके को सुरक्षित किया और जांच पड़ताल शुरू की। पशु चिकित्सकों की टीम शव परीक्षण कर रही है। साथ ही घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास की परिस्थितियों की पड़ताल की जा रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी।

अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील

जशपुर वनमण्डलाधिकारी (DFO) ने आम जनता से अपील की है कि घटना को लेकर किसी भी तरह की अपुष्ट जानकारी या अफवाहों पर ध्यान न दें और न ही उन्हें सोशल मीडिया पर फैलाएं। यदि किसी के पास घटना से संबंधित कोई भी ठोस जानकारी हो, तो वे सीधे नजदीकी वन अधिकारी या कर्मचारी से संपर्क कर साझा करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *