पत्थलगांव:
एकात्म मानववाद और अंत्योदय के प्रणेता, महान राष्ट्रचिंतक पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर पत्थलगांव विधायक गोमती साय ने उन्हें नमन किया। विधायक निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
राष्ट्रसेवा और वंचितों के उत्थान को समर्पित रहा जीवन
इस अवसर पर विधायक गोमती साय ने कहा कि श्रद्धेय दीनदयाल उपाध्याय जी का पूरा जीवन राष्ट्रसेवा, गरीब, शोषित और वंचित तबके के उत्थान के लिए समर्पित रहा। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाना ही उनके जीवन का मूल ध्येय था।
‘आज भी मार्गदर्शन कर रहे हैं उनके आदर्श’
विधायक ने कहा कि पंडित दीनदयाल जी के विचार और सिद्धांत आज भी राष्ट्र निर्माण के पथ पर हम सभी को सही दिशा दिखा रहे हैं। उनका दिया गया अंत्योदय का मंत्र आज शासन और समाज सेवा के केंद्र में है। उनके पदचिह्नों पर चलते हुए ही एक सशक्त, आत्मनिर्भर और समतामूलक समाज की रचना संभव है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भी पंडित दीनदयाल उपाध्याय के बताए मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया।