सात ग्राम पंचायतों के 826 किसानों को मिल रहा लाभ, 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर और ऑनलाइन टोकन व्यवस्था से अन्नदाताओं में उत्साह
रायपुर, 17 नवंबर 2026/ खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर चल रही धान खरीदी प्रक्रिया में तकनीक के इस्तेमाल ने किसानों को बड़ी राहत दी है। अब अन्नदाताओं को टोकन कटवाने के लिए उपार्जन केंद्रों के चक्कर लगाने या लंबी कतारों में खड़े होने की जरूरत नहीं पड़ रही है। इसी कड़ी में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने रामपुर धान खरीदी केंद्र में धान उपार्जन कार्य का विधिवत शुभारंभ किया। आदिमजाति सेवा सहकारी समिति केंद्र रामपुर के माध्यम से क्षेत्र की सात ग्राम पंचायतों— रामपुर, चिताबहार, सरईटिकारा, नावांबांध, पोड़ी, हरिहरपुर और परसोडी के कुल 826 पंजीकृत किसानों को अपनी उपज बेचने की सुविधा मिल रही है।
‘तुंहर टोकन’ ऐप से बचे किसानों के समय और श्रम राज्य शासन द्वारा संचालित ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए किसान घर बैठे अपने मोबाइल से धान बिक्री के लिए ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर रहे हैं। इससे न केवल किसानों का समय और परिवहन खर्च बच रहा है, बल्कि निर्धारित तिथि पर किसानों के पहुंचने से खरीदी केंद्रों में भी व्यवस्था सुचारू बनी हुई है। केंद्र में बारदाने की पर्याप्त उपलब्धता और सुव्यवस्थित तौलाई होने से किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेच रहे हैं।
बेटे और भतीजे के मोबाइल से काटा टोकन, किसानों ने सीएम साय का जताया आभार डिजिटल व्यवस्था का सीधा लाभ उठा रहे किसानों ने सरकार की इस पहल की सराहना की है:
- भुवनेश्वर राम राजवाड़े (ग्राम रामपुर): सवा एकड़ कृषि भूमि के मालिक भुवनेश्वर राम ने बताया कि उनके बेटे ने घर बैठे मोबाइल से ऑनलाइन टोकन काट दिया, जिसके बाद वे तय समय पर 22 क्विंटल धान लेकर केंद्र पहुंचे। तौलाई और अन्य व्यवस्थाओं से संतुष्ट भुवनेश्वर ने 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदी के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताया।
- इतबल राम (ग्राम पोड़ी खुर्द): कुल 64 क्विंटल धान के रकबे वाले किसान इतबल राम ने अपने भतीजे के मोबाइल से घर बैठे 20 क्विंटल धान बिक्री का ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया। उन्होंने केंद्र में बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था और सुगम तौल प्रक्रिया पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि 3100 रुपये प्रति क्विंटल की कीमत मिलने से खेती-किसानी के कार्यों और परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में बड़ा संबल मिल रहा है।
रामपुर केंद्र में किसानों की सक्रिय भागीदारी और सकारात्मक अनुभव यह दर्शाते हैं कि पारदर्शी और तकनीक आधारित व्यवस्था ने धान खरीदी को पहले की तुलना में कहीं अधिक सरल व किसान हितैषी बना दिया है।
