26 से 29 नवंबर तक होने वाले भव्य आयोजन की तैयारियों का लिया जायजा; आवास, भोजन, पेयजल और चिकित्सा व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश, ‘बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड 2026’ विजेता ट्रिपी हिल्स के सहयोग से सजेंगे एडवेंचर इवेंट्स
जशपुरनगर, 25 नवंबर 2026/ जिले में आगामी 26 से 29 नवंबर तक आयोजित होने वाले चार दिवसीय महाआयोजन ‘जशपुर जंबूरी 2026’ को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। जिला प्रशासन जशपुर तथा ‘बेस्ट एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड 2026’ (Best Adventure Tourism Award 2026) से सम्मानित संस्था ट्रिपी हिल्स (Trippy Hills) के विशेष सहयोग से आयोजित होने वाले इस महोत्सव की व्यवस्थाओं की मंगलवार को जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्री अभिषेक कुमार ने विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मयाली नेचर कैंप, देशदेखा एवं अन्य प्रमुख आयोजन स्थलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण कर तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
देशदेखा में आवास और मयाली में गतिविधि स्थलों की व्यवस्थाओं का अवलोकन निरीक्षण के दौरान सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने देशदेखा में प्रतिभागियों के ठहरने (आवास), भोजन, पेयजल, स्वच्छता, मुख्य कार्यक्रम स्थलों तथा ट्रिपी हिल्स के तकनीकी सहयोग से संचालित होने वाली साहसिक गतिविधियों (एडवेंचर एक्टिविटीज) की तैयारियों का अवलोकन किया। इसके पश्चात उन्होंने मयाली नेचर कैंप पहुंचकर वहां भोजन, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और वाटर व आउटडोर गतिविधि स्थलों की व्यवस्थाओं की जांच की। अधिकारियों ने बताया कि देशदेखा और मयाली दोनों स्थानों पर प्रतिभागियों के लिए भोजन व नाश्ते की व्यवस्था की जा रही है, जबकि प्रतिभागियों के रात्रि विश्राम एवं ठहरने का इंतजाम देशदेखा में किया गया है। इसके साथ ही सभी आयोजन स्थलों पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
बाहर से आने वाले प्रतिभागियों की सुविधा का रखें विशेष ध्यान: सीईओ जिला पंचायत सीईओ श्री अभिषेक कुमार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन की पूरी अवधि के दौरान भोजन की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल, शौचालय और स्वच्छता की व्यवस्था उच्च स्तर की बनी रहे। उन्होंने कहा कि ‘जशपुर जंबूरी 2026’ में जिले के युवाओं के साथ-साथ प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों से भी बड़ी संख्या में प्रतिभागी एवं पर्यटक शामिल हो रहे हैं, इसलिए उनके आतिथ्य और सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री राकेश कुमार पाटनवार, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला एवं जनपद स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
