पीएम जनमन योजना से जशपुर के वनांचल को मिली 5 बड़े पुलों की सौगात, 16.03 करोड़ की लागत से सुगम होगा आवागमन

बगीचा विकासखंड के दूरस्थ इलाकों में बारिश के दौरान कटने वाले संपर्क की समस्या होगी खत्म; किसानों, छात्रों और मरीजों को मिलेगी बारहमासी सड़क सुविधा

जशपुरनगर, 25 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जिले के दूरस्थ और जनजातीय बहुल अंचलों में बुनियादी ढांचे को मजबूत करने का काम तेजी से जारी है। इसी कड़ी में प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत वर्ष 2026-27 (बैच-I) में जशपुर जिले के लिए 5 वृहद पुलों के निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है। छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा स्वीकृत इन पुलों के निर्माण पर कुल 16.03 करोड़ रुपये की राशि व्यय की जाएगी। भारत सरकार के ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा 6 नवंबर 2026 को प्रदेश में स्वीकृत कुल 167 पुलों में जशपुर जिले के ये 5 महत्वपूर्ण पुल शामिल हैं।

बगीचा विकासखंड के इन 5 मार्गों पर बनेंगे वृहद पुल जिले में स्वीकृत सभी 5 वृहद पुल विकासखंड बगीचा के ग्रामीण मार्गों पर पड़ने वाले नालों के ऊपर बनाए जाएंगे, जिनका विवरण इस प्रकार है:

  • डंगरी से दरावाकोना मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल, लागत 356.23 लाख रुपये।
  • जबला से नवापारा मार्ग: नाले पर 30 मीटर लंबा पुल, लागत 183.21 लाख रुपये।
  • कमरीमा मंझाटोली से खपरीडीह मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल, लागत 404.19 लाख रुपये।
  • बगीचा-कांसाबेल मार्ग से जनकपुर मार्ग: नाले पर 80 मीटर लंबा पुल, लागत 352.67 लाख रुपये।
  • कुहापानी से बांसधार मार्ग: नाले पर 60 मीटर लंबा पुल, लागत 307.04 लाख रुपये।

बारिश में नहीं थमेगी रफ्तार, खेती से लेकर शिक्षा और स्वास्थ्य तक मिलेगा लाभ इन पुलों के निर्माण से विशेष रूप से पिछड़ी जनजाति (PVTG) बहुल क्षेत्रों में बरसात के दिनों में उफनते नालों के कारण आवागमन बाधित होने की पुरानी समस्या हमेशा के लिए समाप्त हो जाएगी। ग्रामीणों को अब पूरे साल बारहमासी सड़क संपर्क की सुविधा मिलेगी। इससे किसानों को अपनी कृषि उपज बाजार तक पहुंचाने, बच्चों को नियमित स्कूल जाने और आपात स्थिति में मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में बड़ी राहत मिलेगी। प्रशासन के अनुसार, सभी कार्यों को स्वीकृत राशि के भीतर ही पूर्ण किया जाएगा और तकनीकी स्वीकृति मिलते ही नियमानुसार निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *