6,694 किसानों ने बेचा अपना धान; खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता के लिए 2,674 किसानों ने समर्पित किया 101.32 हेक्टेयर रकबा, आगामी खरीदी के लिए 1,813 टोकन जारी
धमतरी/रायपुर, 25 नवंबर 2026/ धमतरी जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान ने तेजी पकड़ ली है और बड़ी संख्या में किसान अपनी उपज बेचने के लिए उपार्जन केंद्रों का रुख कर रहे हैं। सुव्यवस्थित टोकन प्रणाली और चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच जिले में अब तक 6,694 किसानों से 23,093.76 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया जा चुका है। इसके साथ ही आगे की खरीदी के लिए 1,813 टोकन जारी किए गए हैं, जिनके माध्यम से 6,870.27 मीट्रिक टन धान खरीदा जाना प्रस्तावित है।
रकबा समर्पण से बढ़ी पारदर्शिता, 2,674 किसानों ने समर्पित की 101.32 हेक्टेयर भूमि इस खरीदी सीजन में वास्तविक कृषि रकबे के आधार पर खरीदी सुनिश्चित करने के लिए ‘रकबा समर्पण’ की प्रक्रिया एक महत्वपूर्ण कड़ी बनकर सामने आई है। धान विक्रय के पश्चात किसानों द्वारा शेष या अनुपयोगी रकबे का समर्पण किया जा रहा है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, जिले में अब तक 2,674 किसानों ने कुल 101.32 हेक्टेयर रकबा समर्पित किया है। इससे भूमि अभिलेखों के अद्यतन संधारण में सहायता मिल रही है और पूरी उपार्जन प्रक्रिया में पारदर्शिता को मजबूती मिल रही है।
केंद्रों पर सख्त निगरानी, गुणवत्ता और सही तौल पर प्रशासन का जोर जिला प्रशासन द्वारा सभी धान उपार्जन केंद्रों पर टोकन के अनुरूप खरीदी, धान की गुणवत्ता, पारदर्शी तौल और सुरक्षित भंडारण पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। संबंधित अधिकारियों को केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज का उचित समर्थन मूल्य सुगम और पारदर्शी तरीके से मिल सके।
