गांधीनगर:
छत्तीसगढ़ के पत्थलगांव से विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष गोमती साय ने गुजरात भाजपा की सह-प्रभारी नियुक्त होने के बाद अपने पहले गुजरात दौरे के दौरान गांधीनगर स्थित मुख्यमंत्री निवास में गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्रभाई पटेल से सौजन्य मुलाकात की। दायित्व मिलने के बाद पहली बार गुजरात प्रवास पर पहुंचीं गोमती साय का मुख्यमंत्री निवास में गर्मजोशी से स्वागत किया गया।
संगठनात्मक विस्तार और आगामी गतिविधियों पर मंथन
इस महत्वपूर्ण बैठक के दौरान गुजरात प्रदेश भाजपा के सह-प्रभारी अजय महावर एवं गुजरात प्रदेश भाजपा अध्यक्ष जगदीशभाई विश्वकर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान गुजरात प्रदेश में पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक सशक्त, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने के उपायों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। इसके साथ ही, आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों, कार्ययोजनाओं और भावी अभियानों की रूपरेखा को लेकर नेताओं के बीच सार्थक व आत्मीय चर्चा हुई।
केंद्रीय नेतृत्व के विश्वास पर खरा उतरने का संकल्प
विधायक गोमती साय ने संगठन द्वारा सौंपी गई इस नई जिम्मेदारी के लिए शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गुजरात संगठन की कार्यकुशलता पूरे देश में एक आदर्श मानी जाती है। प्रदेश संगठन और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने तथा संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर समन्वय के साथ कार्य किया जाएगा।
