जशपुर, 21 जून 2026
”योग सिर्फ एक दिन का आयोजन नहीं, बल्कि यह जीवन जीने की एक पूरी कला है। इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।” इसी संदेश के साथ रविवार को जशपुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। जिला प्रशासन के तत्वावधान में वशिष्ठ कम्युनिटी हॉल में हुए इस कार्यक्रम में शहरवासियों ने भारी उत्साह के साथ हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने उपस्थित लोगों के साथ न सिर्फ योगाभ्यास किया, बल्कि समाज को एक कड़ा संदेश देते हुए सभी को नशा मुक्ति की शपथ भी दिलाई।
योग से जुड़ने का दिखा भारी उत्साह
सुबह-सुबह कम्युनिटी हॉल में एक अलग ही ऊर्जा देखने को मिली। योग प्रशिक्षक डमरूधर स्वर्णकार और स्मिता जैन के कुशल मार्गदर्शन में लोगों ने ताड़ासन, त्रिकोणासन, भुजंगासन, वज्रासन, शवासन जैसे महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास किया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति और ध्यान (मेडिटेशन) के जरिए मानसिक शांति का अनुभव किया गया।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की वो अमूल्य देन है, जिसकी शुरुआत की कल्पना भी नहीं की जा सकती। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज भारत की इस विधा को पूरी दुनिया ने अपनाया है। आज की इस भागदौड़ भरी जिंदगी में शारीरिक संतुलन और मानसिक शांति के लिए योग से बेहतर और कुछ नहीं हो सकता। हमारा नारा होना चाहिए- ‘करें योग, रहें निरोग’।”
योग केवल व्यायाम नहीं, संपूर्ण जीवन पद्धति है
जशपुर की विधायक श्रीमती रायमुनि भगत ने भी योग के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ऋषि-मुनियों के समय से चली आ रही यह परंपरा सिर्फ शारीरिक व्यायाम तक सीमित नहीं है। यह एक स्वस्थ जीवन जीने की संपूर्ण पद्धति है, जो बीमारियों को दूर रखती है और हमारी कार्यक्षमता बढ़ाती है।
वहीं, पत्थलगांव विधायक और सरगुजा आदिवासी विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय ने इस अवसर को गौरव का दिन बताते हुए कहा कि योग जीवन की आत्मा और एक सच्ची साधना है। नगर पालिका अध्यक्ष अरविन्द भगत ने भी लोगों से शरीर में स्फूर्ति बनाए रखने के लिए इसे नियमित रूप से करने की अपील की।
इन दिग्गजों की रही मौजूदगी
इस जिला स्तरीय आयोजन में सियासत से लेकर प्रशासन तक के कई प्रमुख चेहरे एक साथ एक ही कतार में योग करते नजर आए। इनमें माटी कला बोर्ड के अध्यक्ष शम्भू नाथ चक्रवर्ती, सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष रामप्रताप सिंह, जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत जैसे कई जनप्रतिनिधि शामिल रहे।
प्रशासनिक अमले से कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार और जिला आयुर्वेद अधिकारी भुवनेश्वर प्रसाद ने भी योगाभ्यास कर आम जनता को फिटनेस का संदेश दिया। स्कूली बच्चों की बड़ी संख्या में भागीदारी ने इस आयोजन को और भी खास बना दिया।
