बरगांव में नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट आयोजित: ‘नशामुक्त युवा’ थीम पर छात्रों को किया जागरूक, जनपद अध्यक्ष बोले— ‘पढ़ाई और अनुशासन को बनाएं जुनून’

जशपुर (17 अक्टूबर 2026):

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (भारत सरकार) के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) अभियान के तहत शनिवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरगांव में ‘नशामुक्त युवा’ विषय पर नेबरहुड यूथ पार्लियामेंट (पड़ोस युवा संसद) का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरों और युवाओं को नशे के सामाजिक व शारीरिक दुष्प्रभावों से आगाह करना, स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करना और ‘विकसित भारत’ के संकल्प में उनकी सक्रिय भागीदारी तय करना था।

सत्र के दौरान विवेकानंद यूथ क्लब और राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक हेमराज सिंह ने प्रोजेक्टर के जरिए विद्यार्थियों को MY Bharat पोर्टल की कार्यप्रणाली और पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही नशामुक्त भारत अभियान से जुड़े प्रेरणादायी वीडियो दिखाकर छात्रों को बुरी आदतों से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।

“अनुशासन और संस्कार ही युवा की असली पहचान”

समारोह के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष गंगा राम भगत ने युवाओं में ऊर्जा भरते हुए कहा कि युवावस्था समाज और राष्ट्र के निर्माण का स्वर्णिम समय होता है।

उन्होंने कहा, “आज के युवाओं में नशे का नहीं, बल्कि पढ़ाई, अनुशासन और अपने सपनों को पूरा करने का जुनून होना चाहिए। संस्कार और लक्ष्य के प्रति समर्पण ही व्यक्ति को मुकाम दिलाते हैं। युवा अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाएं ताकि परिवार के साथ-साथ देश का नाम रोशन हो सके।” इस मौके पर समाजसेवी विजय सहाय और अरविंद सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

डॉक्टरों ने बताए मानसिक तनाव और नशे से बचाव के उपाय

जिला स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से पहुंचे डॉ. विवेक कुजूर और डॉ. दीपक साहू ने विद्यार्थियों को नशे से शरीर और दिमाग पर पड़ने वाले घातक प्रभावों की चिकित्सकीय जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अक्सर युवा मानसिक तनाव, गलत संगति या भटकाव के चलते नशे की गिरफ्त में आते हैं। डॉक्टरों ने तनाव प्रबंधन, संतुलित दिनचर्या, खेलकूद और नियमित दिनचर्या के जरिए मानसिक रूप से मजबूत रहने के व्यावहारिक सुझाव दिए।

विद्यालय के प्राचार्य जेंडर राम मांझी ने अतिथियों का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से स्कूली बच्चों में समय रहते सही-गलत की समझ विकसित होती है। कार्यक्रम में शिक्षक सच्चिदानंद यादव सहित पूरा विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा। आयोजन का सफल समापन व आभार प्रदर्शन राष्ट्रीय युवा स्वयंसेवक संजीव कुमार भगत और हरी भगत ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *