जशपुरनगर: छत्तीसगढ़ शासन की ‘बिहान योजना’ जशपुर जिले के वनांचल और ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत जरिया बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित योजनाओं और स्व-सहायता समूहों के संबल से जुड़कर ग्रामीण महिलाएं न केवल आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपनी कड़ी मेहनत और उद्यम से ‘लखपति दीदी’ के रूप में नई पहचान गढ़ रही हैं।
जिले के मनोरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चड़िया की निवासी सरिता बाई की सफलता की कहानी इस जमीनी बदलाव की जीती-जागती मिसाल है। सरिता बाई ने पारंपरिक दायरों से बाहर निकलकर ईंट निर्माण जैसे श्रमसाध्य व्यवसाय को अपनी आजीविका का माध्यम बनाया और आज वे क्षेत्र की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन चुकी हैं।
मुद्रा योजना से मिला सहारा, सालाना 2 लाख से अधिक की कमाई
सरिता बाई ने वर्ष 2024 में प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के माध्यम से एक लाख रुपये का ऋण लेकर ईंट निर्माण का काम शुरू किया था। शुरुआती चुनौतियों के बावजूद उन्होंने लगन के साथ काम को आगे बढ़ाया और गुणवत्ता पर ध्यान दिया।
आज स्थिति यह है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले पक्के मकानों के साथ-साथ क्षेत्र के निजी निर्माण कार्यों में भी उनकी बनाई ईंटों की भारी मांग है। इस व्यवसाय के जरिए सरिता बाई प्रतिवर्ष दो लाख रुपये से अधिक की शुद्ध आय अर्जित कर रही हैं। उन्होंने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ किया है, बल्कि स्वरोजगार से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है।
ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई दिशा दे रहीं स्व-सहायता समूह की महिलाएं
जशपुर जिले में बिहान योजना के माध्यम से महिलाएं संगठित होकर छोटे-बड़े उद्यम स्थापित कर रही हैं। बैंक लिंकेज, प्रशिक्षण और सरकारी योजनाओं के समन्वय से ग्रामीण महिलाओं को नियमित आय के स्थायी साधन मिल रहे हैं।
पक्की आमदनी से जहां परिवारों में बच्चों की पढ़ाई और स्वास्थ्य पर बेहतर खर्च हो रहा है, वहीं स्थानीय स्तर पर निर्माण सामग्री और सेवाओं की आपूर्ति होने से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिल रही है।
