जशपुर, 18 जुलाई 2026:
जशपुर जिले के सरकारी स्कूलों के बच्चे अब विज्ञान और गणित जैसे विषयों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। रायपुर में आयोजित ‘विद्यार्थी विज्ञान मंथन’ (Vidyarthi Vigyan Manthan) के स्टेट लेवल कैंप में शिरकत कर लौटे जिले के 7 होनहार विद्यार्थियों को शनिवार को कलेक्ट्रेट में खास तौर पर सम्मानित किया गया। कलेक्टर श्री रोहित व्यास ने खुद इन बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
“रटें नहीं, प्रयोगों से समझें विज्ञान के फंडे”
सम्मान समारोह के दौरान कलेक्टर रोहित व्यास ने बच्चों से बेहद आत्मीय बातचीत की। उन्होंने छात्रों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा, “विज्ञान को रटकर पास करने के बजाय प्रयोगों (Practicals) के जरिए समझने की कोशिश करें। किसी भी विषय में आपके कॉन्सेप्ट बिल्कुल क्लीयर होने चाहिए।”
उन्होंने बताया कि जिले के शासकीय विद्यालयों में अब बेहद अच्छी प्रयोगशालाएं (Labs) मौजूद हैं। छात्रों को स्कूल में उपलब्ध इन आधुनिक उपकरणों का भरपूर इस्तेमाल करना चाहिए। इसके साथ ही, उन्होंने बच्चों के अंदर वैज्ञानिक सोच विकसित करने के लिए विज्ञान भारती संस्था के प्रयासों की भी जमकर सराहना की।
जशपुर के 4000 से ज्यादा बच्चों ने दी थी परीक्षा
इस अवसर पर विज्ञान भारती के प्रांतीय महासचिव डॉ. वारा प्रसाद कोला भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि जशपुर जिले में सृजन और नवाचार का माहौल बन रहा है। पिछले साल जिले से 4000 से अधिक विद्यार्थियों ने विद्यार्थी विज्ञान मंथन की परीक्षा दी थी। इस वर्ष संस्था का लक्ष्य है कि ज्यादा से ज्यादा बच्चों तक इस अभियान को पहुंचाया जाए ताकि ग्रामीण अंचलों की प्रतिभाएं उभर कर सामने आएं।
इन मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान
विगत नवंबर 2025 में जिला स्तर पर आयोजित लेवल-1 और लेवल-2 की परीक्षा में प्रदेश भर के दस हजार से अधिक बच्चों ने हिस्सा लिया था। कक्षा 6वीं से 11वीं तक की इस परीक्षा में हर क्लास से टॉप-25 बच्चों का चयन राज्य स्तर के लिए हुआ था, जिनमें जशपुर के ये सितारे शामिल हैं:
- अर्पित शर्मा – सेजेस, कुनकुरी
- रोहन साहू – सेजेस, कोतबा
- कु. मोनिका बाई – शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, ढोढीडांड
- कु. सोनिका बाई – शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला, ढोढीडांड
- निशा कुजूर – सेजेस, पतराटोली
- आयुषी पन्ना – सेजेस, पतराटोली
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी नरेंद्र सिन्हा, विद्यार्थी विज्ञान मंथन के राज्य समन्वयक गौरव वर्मा, जशपुर जिला समन्वयक विवेक पाठक, एडीपीओ विनय सिन्हा, यशस्वी जशपुर के अवनीश पांडेय, एबीईओ टुमनू गोसाई, शिक्षिका श्रीमती मीनाक्षी श्रीवास्तव और श्रीमती जेन सेलेस्टिन तिर्की सहित बच्चों के गौरवान्वित अभिभावक मौजूद रहे।
