मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना: जशपुर के 37 श्रद्धालु वैष्णो देवी और स्वर्ण मंदिर दर्शन के लिए रवाना, वाघा बॉर्डर का भी करेंगे भ्रमण

जशपुरनगर:

छत्तीसगढ़ सरकार की ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना’ के तहत जशपुर जिले के 37 श्रद्धालुओं का दल आज सुबह देश के प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन के लिए रवाना हुआ। जनपद पंचायत जशपुर के अध्यक्ष श्री गंगाराम भगत एवं जनपद सदस्य श्रीमती सावित्री सिंह ने सुबह 6 बजे तीर्थयात्रियों की बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान समाज कल्याण विभाग और जनपद पंचायत के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

यह तीर्थ यात्रा 10 से 15 नवंबर 2026 तक संचालित होगी। यात्रा के दौरान श्रद्धालु जम्मू स्थित माता वैष्णो देवी धाम, अमृतसर के पवित्र स्वर्ण मंदिर के दर्शन करेंगे और वाघा बॉर्डर का भ्रमण कर देश के शौर्य व गौरव के साक्षी बनेंगे। दल में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ विधवा एवं परित्यक्त महिलाएं भी शामिल हैं।

आर्थिक तंगी से रुका सपना शासन की योजना से हुआ पूरा

रवानगी के समय श्रद्धालुओं में गजब का उत्साह और उमंग देखने को मिला। वर्षों से पवित्र तीर्थ स्थलों के दर्शन की आस लगाए बैठे वृद्धजनों ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं है।

श्रद्धालुओं ने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति के चलते अपने खर्च पर इन पवित्र स्थलों की यात्रा कर पाना उनके लिए संभव नहीं था। राज्य सरकार की इस पहल ने न केवल उनके बरसों पुराने सपने को साकार किया है, बल्कि यात्रा, भोजन और आवास की पूरी जिम्मेदारी उठाकर बुजुर्गों को बड़ा संबल दिया है।

प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के वरिष्ठ नागरिकों और पात्र हितग्राहियों को ससम्मान और सुरक्षित माहौल में देश के प्रमुख तीर्थ स्थलों की यात्रा कराकर उनकी आस्था को सम्मानित करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *