रायपुर/लखनपुर:
जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत सरगुजा जिले के लखनपुर स्थित साक्षरता मिनी स्टेडियम में ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव ‘करमा महोत्सव’ का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। मांदर की गूंज और पारंपरिक लोकगीतों की धुनों पर रंग-बिरंगे परिधानों में सजे कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने भी स्वयं मांदर की थाप पर कलाकारों के साथ कदम से कदम मिलाकर करमा नृत्य किया।
जनजातीय परंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर
समारोह को संबोधित करते हुए संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की वास्तविक पहचान और अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने कहा कि इन समृद्ध लोक परंपराओं को सहेजना और नई पीढ़ी तक पहुंचाना समाज और सरकार दोनों का साझा दायित्व है। ऐसे मंचों से ग्रामीण अंचल के पारंपरिक कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है और सांस्कृतिक एकता सुदृढ़ होती है।
12 दलों ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां, ये दल रहे अव्वल
महोत्सव में लखनपुर विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों के कुल 12 नृत्य दलों ने हिस्सा लिया:
- करमा नृत्य प्रतियोगिता:
- प्रथम स्थान: जय शिव शारदा करमा पार्टी, परसोदी कला
- द्वितीय स्थान: आदिवासी करमा दल, पीपरखार
- शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला प्रतियोगिता:
- प्रथम स्थान: शैला पार्टी, तराजू
प्रथम स्थान हासिल करने वाले दल अब जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे। मुख्य अतिथि ने सभी विजेता दलों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, जनपद सीईओ खुशबू शास्त्री, स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
