पंडित सुंदरलाल शर्मा मुक्त विश्वविद्यालय का सप्तम दीक्षांत समारोह: राज्यपाल रमेन डेका ने 24,800 विद्यार्थियों को प्रदान कीं उपाधियां, बोले- नकल के बजाय अपनी विशिष्टता पर रखें विश्वास

बिलासपुर/रायपुर: पंडित सुंदरलाल शर्मा (मुक्त) विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़, बिलासपुर का सप्तम दीक्षांत समारोह मंगलवार को गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता करते हुए राज्यपाल श्री रमेन डेका ने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे आत्मविश्वास, निरंतर प्रयास और अपनी प्रतिभा के दम पर जीवन में नई पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि असफलता से डरने के बजाय उसकी कमियों को समझें और गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ें। शिक्षा का असली उद्देश्य केवल व्यक्तिगत तरक्की हासिल करना नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाना भी है।

दीक्षांत समारोह में पिछले पांच वर्षों के 24 हजार 800 सफल विद्यार्थियों को स्नातक, स्नातकोत्तर एवं डिप्लोमा की उपाधियां प्रदान की गईं। साथ ही मेधावियों को स्वर्ण पदक और शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि से नवाजा गया।

डिजिटल एडिक्शन से बचें और समय का करें सार्थक उपयोग

राज्यपाल श्री डेका ने कहा कि इंटरनेट और आधुनिक तकनीक ने ज्ञान तक पहुंच को बेहद सुलभ बना दिया है, लेकिन युवाओं को इन साधनों का विवेकपूर्ण उपयोग करना चाहिए। उन्होंने अत्यधिक स्क्रीन टाइम और डिजिटल लत से बचने की सलाह देते हुए कहा कि समय का सदुपयोग अपनी विचारशक्ति और रचनात्मकता को निखारने में करें।

उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बच्चों पर अपनी उम्मीदों का बोझ न डालें, बल्कि उनकी रुचि और क्षमता के अनुसार आगे बढ़ने में संबल बनें। राज्यपाल ने जीवन में संतुलन, आंतरिक संतुष्टि और पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण व स्वच्छता को दिनचर्या का हिस्सा बनाने पर बल दिया।

दूरस्थ अंचलों तक शिक्षा पहुंचाने में विश्वविद्यालय की अहम भूमिका: डिप्टी सीएम अरुण साव

समारोह के मुख्य अतिथि एवं उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने उपाधि प्राप्त विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने ज्ञान व कौशल का उपयोग समाज और प्रदेश के नवनिर्माण में करें। उन्होंने कहा कि महान स्वतंत्रता सेनानी एवं समाज सुधारक पंडित सुंदरलाल शर्मा के नाम पर स्थापित यह विश्वविद्यालय कामकाजी और विषम परिस्थितियों के चलते नियमित कॉलेज न जा पाने वाले युवाओं के सपनों को साकार कर रहा है।

उप मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय को नैक (NAAC) द्वारा ‘ए प्लस’ ग्रेडिंग मिलने पर पूरी टीम की सराहना की और कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP-2020) के क्रियान्वयन में संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

नई वेबसाइट और स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन

समारोह के दौरान अतिथियों ने विश्वविद्यालय की उन्नत आधिकारिक वेबसाइट का लोकार्पण किया और वार्षिक स्मारिका ‘अभ्युदय’ का विमोचन किया। इस अवसर पर सामाजिक सरोकार निभाते हुए एकलव्य विद्यालय देवपहरी के 311 छात्र-छात्राओं को बैग, स्वेटर, टिफिन और पानी की बोतलें वितरित की गईं।

दीक्षांत भाषण हरियाणा राज्य उच्च शिक्षा परिषद के अध्यक्ष प्रो. कैलाश चंद्र शर्मा ने दिया, जबकि नैक अध्यक्ष प्रो. नागेश्वर राव ने भी समारोह को संबोधित किया। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. वीरेंद्र कुमार सारस्वत ने स्वागत भाषण प्रस्तुत कर संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट साझा की।

इस अवसर पर विधायक धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी सहित अन्य विश्वविद्यालयों के कुलपति, कार्यपरिषद सदस्य, प्राध्यापकगण और बड़ी संख्या में उपाधि धारक विद्यार्थी व अभिभावक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *