‘सरकार आपके द्वार’ से बदली गांवों की तस्वीर: जांजगीर-चांपा के जावलपुर में लगा मेगा सेवा सेतु शिविर, करोड़ों के आजीविका ऋण बांटे

रायपुर/जांजगीर-चांपा:

‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के तहत संचालित ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ अभियान के जरिए शासन की योजनाएं और प्रशासनिक तंत्र सीधे ग्रामीणों की चौखट तक पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम जावलपुर के अटल समरसता भवन में विशेष सेवा सेतु शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराते हुए पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभान्वित किया गया।

आजीविका ऋण मेले में बरसी सौगातें, करोड़ों के चेक वितरित

शिविर का मुख्य आकर्षण विशाल आजीविका ऋण मेला रहा, जहां ग्रामीणों और महिला स्व-सहायता समूहों को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बड़े पैमाने पर वित्तीय सहायता दी गई:

  • राशि प्रेषण: 336 प्रकरणों में 7.615 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई।
  • स्वीकृति: 235 प्रकरणों में 10.9475 करोड़ रुपये के ऋण स्वीकृत किए गए।
  • वितरण: 99 प्रकरणों में 5.37 करोड़ रुपये का मौके पर सीधा वितरण किया गया।

राजस्व से लेकर स्वास्थ्य तक, एक ही जगह हुआ समाधान

शिविर में कुल 110 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 109 मांग और 1 शिकायत से संबंधित रहे। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से जाति प्रमाणपत्र, स्वामित्व योजना के अधिकार अभिलेख, जॉब कार्ड और दिव्यांगजनों को ट्रायसायकल का वितरण किया गया।

वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही पोर्टेबल एक्स-रे, गैर-संचारी रोग (NCD) जांच और नेत्र परीक्षण कर दवाइयां व चिकित्सीय परामर्श दिया। इसके अलावा मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और आयुष्मान भारत योजना के तहत भी हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया।

लखपति दीदियों का सम्मान और पोषण की सीख

महिला स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शिविर में नई ‘लखपति दीदियों’ को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सुपोषण का संदेश देते हुए पारंपरिक रीति से गोद भराई एवं अन्नप्राशन संस्कार संपन्न कराए गए।

कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *