रायपुर (16 अक्टूबर 2026):
छत्तीसगढ़ के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचकर जशपुर विधायक रायमुनि भगत से मुलाकात की। अस्पताल में भर्ती विधायक का कुशलक्षेम जानने पहुंचे मंत्री ने उनके स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली और उनके शीघ्र व पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
मुलाकात के दौरान मंत्री अग्रवाल ने विधायक भगत से आत्मीय संवाद किया और उनके स्वास्थ्य को लेकर संवेदनशीलता व्यक्त की। उन्होंने चिकित्सकों से भी उपचार व स्वास्थ्य प्रगति के संबंध में जानकारी ली।
“शीघ्र स्वस्थ होकर पुनः क्षेत्र की जनता के बीच लौटेंगी विधायक भगत”
पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि रायमुनि भगत जनसेवा के प्रति सदैव समर्पित जनप्रतिनिधि हैं। जशपुर अंचल की जनता की समस्याओं और क्षेत्रीय विकास कार्यों के लिए वे लगातार सक्रिय रहती हैं।
मंत्री अग्रवाल ने विश्वास जताते हुए कहा, “माता रानी के आशीर्वाद से विधायक श्रीमती भगत को उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और नई ऊर्जा प्राप्त होगी। वे जल्द से जल्द पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने परिवार, समर्थकों और जशपुर की जनता के बीच लौटेंगी तथा पूर्व की भांति जनसेवा के दायित्वों का निर्वहन करेंगी।”
उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि सार्वजनिक जीवन में जनप्रतिनिधियों के बीच आपसी आत्मीयता, संवेदनशीलता और सहयोग की भावना सबसे महत्वपूर्ण आधार होती है।
