रायपुर। छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने VSK (विद्या समीक्षा केंद्र) ऐप में आ रही तकनीकी खामियों को लेकर शिक्षकों की चिंता दूर की है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐप में आ रही सर्वर या तकनीकी समस्याओं के कारण प्रदेश के किसी भी शिक्षक का वेतन नहीं काटा जाएगा। सरकार शिक्षकों के हितों और सम्मान की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि शिक्षक संगठनों और शिक्षकों द्वारा ऐप में आ रही त्रुटियों की शिकायतें मिली थीं, जिन्हें राज्य सरकार ने प्राथमिकता के साथ संज्ञान में लिया है।
15 अगस्त तक सभी तकनीकी समस्याएं होंगी हल
श्री यादव ने संबंधित अधिकारियों और तकनीकी टीम को निर्देश जारी किए हैं कि ऐप की सभी गड़बड़ियों का त्वरित और स्थायी समाधान किया जाए। सरकार ने इसके लिए 15 अगस्त तक का लक्ष्य निर्धारित किया है, ताकि स्वतंत्रता दिवस के बाद से शिक्षक बिना किसी परेशानी या रुकावट के अपनी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकें।
85% शिक्षकों के समर्पण को सराहा
शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और पारदर्शी बनाने में शिक्षकों के सहयोग की सराहना करते हुए मंत्री ने कहा:
”राज्य के कुल 1 लाख 75 हजार शिक्षकों में से लगभग 1.5 लाख शिक्षक (85 प्रतिशत) रोजाना VSK ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहे हैं। यह आंकड़ा साबित करता है कि हमारे शिक्षक नई तकनीक को अपनाने और डिजिटल व्यवस्था को सफल बनाने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं।”
उन्होंने आगे कहा कि शिक्षकों के अनुभवों और सुझावों के आधार पर VSK ऐप के इंटरफेस को और अधिक सरल, प्रभावी व यूजर-फ्रेंडली बनाया जाएगा। यदि किसी शिक्षक को हाजिरी लगाने में व्यावहारिक या तकनीकी समस्या आती है, तो वे निसंकोच विभागीय अधिकारियों तक अपना सुझाव पहुंचा सकते हैं।
