बागबहार/पत्थलगांव:
जशपुर जिले के बागबहार में विकासखंड स्तरीय लोक नृत्य महोत्सव का भव्य एवं गरिमामयी आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पत्थलगांव विधायक एवं सरगुजा विकास प्राधिकरण की उपाध्यक्ष श्रीमती गोमती साय शामिल हुईं। महोत्सव के दौरान अंचल के स्थानीय लोक कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा और लोक जीवन को दर्शाती मनमोहक नृत्यों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाते हैं ऐसे आयोजन
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती गोमती साय ने कहा कि हमारी लोककला, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत ही छत्तीसगढ़ की असल पहचान है। ऐसे आयोजनों से न केवल ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को बड़ा मंच मिलता है, बल्कि हमारी सदियों पुरानी समृद्ध परंपराएं भी जीवंत रहती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि आधुनिकता के इस दौर में अपनी सांस्कृतिक जड़ों को सहेजना और नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति से जोड़ना बेहद जरूरी है।
कलाकारों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि मांदर और झांझ की थाप पर थिरकते कलाकारों की ऊर्जा हमारे राज्य के जीवंत सामाजिक ताने-बाने को दर्शाती है।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक बंधु एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
