छत्तीसगढ़ के इतिहास में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में मिली एक बड़ी और ऐतिहासिक सफलता के बाद प्रदेश में उत्सव का माहौल है। आज मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नवा रायपुर स्थित निवास कार्यालय में उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने उनसे सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान श्री शर्मा ने मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर इस बड़ी उपलब्धि के लिए प्रदेश की ओर से बधाई और अभिनंदन दिया।
शांति और सुरक्षा का नया दौर
इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि “नक्सलमुक्त छत्तीसगढ़ अब विकास का नया स्वर्णिम भविष्य गढ़ेगा।” उन्होंने कहा कि दशकों तक नक्सलवाद प्रदेश की प्रगति में सबसे बड़ी बाधा बना रहा, जिसके कारण विशेष रूप से बस्तर अंचल का विकास थम सा गया था। लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं और प्रभावित क्षेत्रों में विकास की मुख्यधारा तेजी से पहुंच रही है।
केंद्र का सहयोग और जवानों की शहादत को नमन
मुख्यमंत्री ने इस सफलता का पूरा श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री श्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प और स्पष्ट नीति को दिया। उन्होंने कहा कि केंद्र के प्रभावी मार्गदर्शन में ही भयमुक्त छत्तीसगढ़ का सपना साकार हो रहा है।
भावुक होते हुए मुख्यमंत्री ने उन वीर जवानों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की जिन्होंने नक्सलवाद के खिलाफ लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उन्होंने सुरक्षाबलों के अदम्य साहस और कर्तव्यनिष्ठा की जमकर सराहना की और कहा कि आज जो शांति हमें दिख रही है, वह जवानों की शहादत और उनके अथक परिश्रम की नींव पर टिकी है।
अग्रणी राज्यों में शामिल होगा छत्तीसगढ़
मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि नक्सलवाद से मुक्ति मिलने के बाद अब प्रदेश में निवेश, शिक्षा और बुनियादी ढांचे का तेजी से विस्तार होगा, जिससे छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में अपनी एक सशक्त पहचान बनाएगा।
