जशपुर:
आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए संचालित ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076’ धरातल पर अत्यंत असरदार साबित हो रही है। इस हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों पर प्रशासनिक स्तर पर तुरंत संज्ञान लिया जा रहा है, जिसका ताजा उदाहरण जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम तपकरा में देखने को मिला है। यहां एक फोन कॉल की मदद से ठप पड़ी जलापूर्ति बहाल हो गई और करीब 200 परिवारों को भीषण पेयजल किल्लत से निजात मिली।
15 दिनों से ठप थी आपूर्ति, 200 परिवार थे परेशान
ग्राम तपकरा निवासी ओम प्रकाश ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 पर कॉल कर गांव में पेयजल संकट की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने प्रशासन को अवगत कराया कि रेट्रो जल प्रदाय योजना की मोटर और पाइपलाइन में तकनीकी खराबी आ जाने से पिछले 15 दिनों से पानी की आपूर्ति पूरी तरह बंद पड़ी थी। इसके चलते गांव के लगभग 200 घरों में दैनिक जरूरतों के लिए पानी जुटाना एक बड़ी चुनौती बन गया था।
तत्परता से बदला गया मोटर, बहाल हुआ पानी
हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज होते ही प्रशासन हरकत में आया और संबंधित विभाग व स्थानीय अमले को मौके पर भेजा गया। ग्राम पंचायत और तकनीकी टीम ने स्थिति का जायजा लेते हुए तत्काल नया मोटर स्थापित किया। नया मोटर चालू होते ही नलों से पानी आने लगा और पूरे गांव में जलापूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो गई।
फीडबैक से तय हो रही जवाबदेही
समस्या का निराकरण होने के बाद हेल्पलाइन टीम द्वारा शिकायतकर्ता ओम प्रकाश से संपर्क कर कार्य और समाधान की पुष्टि की गई। शिकायतकर्ता ने प्रशासन की इस त्वरित कार्यशैली पर संतोष व्यक्त किया। समाधान के बाद नागरिक से फीडबैक लेने की इस व्यवस्था से विभागों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ रही है। आज मुख्यमंत्री हेल्पलाइन-1076 आम जनता और शासन के बीच त्वरित समाधान का एक मजबूत और भरोसेमंद सेतु बन चुका है।
