स्वच्छ सर्वेक्षण में छत्तीसगढ़ का बजा डंका: बिल्हा बना देश का सबसे स्वच्छ छोटा शहर, बिलासपुर और रायपुर भी राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित

रायपुर/नई दिल्ली:

स्वच्छता और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में छत्तीसगढ़ ने एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपना परचम लहराया है। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26’ में राज्य के तीन नगरीय निकायों—बिल्हा, बिलासपुर और रायपुर को राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया। बिलासपुर जिले की नगर पंचायत बिल्हा ने 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में पूरे देश में प्रथम स्थान हासिल कर इतिहास रचा है। वहीं, ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में नगर पालिक निगम बिलासपुर ने देश भर में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जबकि रायपुर नगर निगम स्वच्छता में राज्य स्तर पर अव्वल रहा।

नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु के हाथों उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अरुण साव, प्रमुख सचिव श्री सोनमणि बोरा तथा संबंधित निकायों के महापौरों व आयुक्तों ने यह राष्ट्रीय सम्मान ग्रहण किया। समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री श्री मनोहर लाल खट्टर तथा केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू भी उपस्थित रहे।

छत्तीसगढ़ की झोली में आए ये प्रमुख पुरस्कार

  • नगर पंचायत बिल्हा: 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में देश में प्रथम स्थान।
  • नगर पालिक निगम बिलासपुर: ‘स्वच्छ रिवर फ्रंट टाउन’ श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर द्वितीय स्थान।
  • नगर पालिक निगम रायपुर: स्वच्छता और नगरीय प्रबंधन में राज्य में शीर्ष स्थान।

सीएम विष्णु देव साय ने दी बधाई, कहा— स्वच्छता हर नागरिक का संस्कार बने

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रदेशवासियों, स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और नगरीय प्रशासन की पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बिल्हा जैसे छोटे नगर का देश में पहला स्थान पाना और बिलासपुर का रिवर फ्रंट श्रेणी में दूसरे पायदान पर रहना साबित करता है कि जनभागीदारी से सीमित संसाधनों में भी बड़ा बदलाव लाया जा सकता है। सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य केवल रैंकिंग सुधारना नहीं, बल्कि स्वच्छता को हर नागरिक की जीवनशैली और हर शहर की पहचान बनाना है।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मान स्वच्छता कर्मियों की कड़ी मेहनत और जनता के सहयोग का प्रतिफल है। छोटे निकायों का यह प्रदर्शन अन्य नगरों के लिए भी प्रेरणादायी साबित होगा।

समारोह में रायपुर महापौर श्रीमती मीनल चौबे, बिलासपुर महापौर श्रीमती पूजा विधानी, बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती वंदना जेंड्रे, सूडा (SUDA) के मिशन डायरेक्टर श्री सुमीत अग्रवाल, रायपुर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, बिलासपुर आयुक्त श्री प्रकाश कुमार सर्वे सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *