जिले के 19 उपार्जन केंद्रों में 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से हो रही खरीदी, ‘तुंहर टोकन’ ऐप और ऑफलाइन माध्यम से आसान हुई प्रक्रिया
नारायणपुर, 16 नवंबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जनजातीय गौरव दिवस (15 नवंबर) के अवसर पर नारायणपुर जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। खरीदी के पहले दिन अपनी मेहनत की उपज लेकर केंद्रों पर पहुंचे अन्नदाताओं का पुष्प भेंटकर आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया गया। राज्य शासन द्वारा किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है, जो 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी।
विभिन्न केंद्रों में पुष्प भेंटकर किया गया किसानों का सम्मान धान खरीदी के पहले दिन जिले के सभी केंद्रों पर उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। नारायणपुर उपार्जन केंद्र में किसान श्री हितेंद्र (पिता श्री यज्ञनाथ), एड़का केंद्र में श्री फागुराम, बेनूर केंद्र में श्री नारायण (पिता श्री मेहतर) व श्री रितेश (पिता श्री बालसिंह) तथा गढ़बेंगाल उपार्जन केंद्र में श्रीमती शशि बाई मानिकपुरी ने अपनी उपज बेची। केंद्र प्रबंधन द्वारा इन किसानों का फूलों से स्वागत किया गया, जिससे किसानों के चेहरों पर संतोष और खुशी झलक उठी।
दो नए उपार्जन केंद्र खुलने से गांवों के करीब पहुंची सुविधा किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए जिले में इस वर्ष हलामीमुंजमेटा और तारागांव में दो नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इससे जिले में उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गई है। नए केंद्र खुलने से दूरस्थ और ग्रामीण अंचलों के किसानों के समय, श्रम और परिवहन खर्च की बड़ी बचत होगी। जिले में वर्तमान में 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है।
ऑनलाइन और ऑफलाइन टोकन से व्यवस्था हुई पारदर्शी व सुगम खरीदी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने के लिए 10 नवंबर से ही टोकन जारी किए जा रहे हैं। किसान घर बैठे ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए ऑनलाइन टोकन ले सकते हैं, जबकि ऑनलाइन सुविधा में असमर्थ किसानों के लिए संबंधित सहकारी समितियों से ऑफलाइन टोकन प्राप्त करने की व्यवस्था की गई है। जिला प्रशासन ने सभी केंद्रों में मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करते हुए किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित टोकन तिथि पर ही अच्छी तरह साफ और सूखा धान लेकर केंद्र पहुंचें, ताकि गुणवत्ता परीक्षण और तौल में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
